डीएम, एसएसपी ने की कारखानेदारों व श्रमिकों से किया संवाद
शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
फिरोजाबाद (हि.स.)। जनपद में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी रवि रंजन व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों द्वारा शहर के पालिवाल हॉल में चूड़ी औद्योगिक इकाइयों के स्वामी, सेवायोजक, मैनेजर व जगइयों आदि के साथ बैठक कर संवाद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आत्मीयता दिखाते हुए जिलाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त प्रतिष्ठित नगरी सुहाग नगरी में उन्हें जनता की सेवा करने का मौका मिला है। जनपद को शांतिपूर्ण वातावरण में विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके, इसकी जिम्मेदारी प्रशासन के साथ-साथ आप सभी की भी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का हक सभी को है। वशर्ते, वह शांति व कानून के दायरे में हो, कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं दिया जा सकता और यदि ऐसा कोई करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री ओनर को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और अपने कर्मचारियों के वेलफेयर व जरूरतों को भी ध्यान में रखना होगा। उन्होंने चूड़ी कारखानों में काम करने वाले मैनेजर, जगइयों के अंडर में कार्य करने वाले वर्कर का डाटाबेस निर्धारित दिए गए प्रारूप पर भरकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपेक्षा की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि समाज के हिस्से में फैक्ट्री विकास का इंजन है, रोजगार किसी भी तरह बंद नहीं होना चाहिए। सहयोग की भावना बनी रहे। निर्यात में किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि इस शांति व्यवस्था में जो बाधक तत्व देखे जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही भी की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन असलम भोला ने किया। इस दौरान औद्योगिक इकाइयों के यूनियन अध्यक्ष हनुमान प्रसाद, हाजी आरिफ, विम्मी मित्तल, अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज सागर, एस पी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र उपस्थित रहे।
कौशल
