Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : 24 घंटे में रिकार्ड 127 मिमी. बारिश से मौसम हुआ...

कानपुर : 24 घंटे में रिकार्ड 127 मिमी. बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गिरा तापमान

अक्टूबर माह के अंतिम दिनों से शुरु हो जाएगी गुलाबी ठंडक

कानपुर(हि.स.)। दक्षिणी पश्चिमी मानसून की वापसी के बाद बीते कई दिनों से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इससे उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखण्ड में हल्की से भारी बारिश हो रही है। अगर कानपुर की बात की जाए तो बीते 24 घंटे में रिकार्ड 127 मिमी. बारिश हुई। इस बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया तो वहीं तापमान भी गिर गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट के पास बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। एक और कम दबाव का क्षेत्र लक्ष्यद्वीप और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है। एक ट्रफ रेखा लगभग 13 डिग्री उत्तरी अक्षांश के साथ लक्ष्यदीप पर कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तर-पश्चिम और इससे सटे बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीते तीन दिनों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में बारिश हो रही है और कानपुर में 127 मिमी बारिश बीते 24 घंटे में हो चुकी है। रिमझिम बारिश से जहां तापमान गिर रहा तो वहीं खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। यह बारिश अभी दो दिनों तक बनी रहेगी। इसके बाद चक्रवाती तूफान का असर कम होते ही बारिश रुक जाएगी। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ओर से आ रही नमी युक्त हवा पर ब्रेक लग जाएगा। हफ्ते भर के अंदर गुलाबी सर्दी दस्तक दे सकती है। पहले रात का और फिर दिन का तापमान गिरेगा। कुछ दिन धूप निकलेगी और हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हवा की रफ्तार सामान्य रहेगी

RELATED ARTICLES

Most Popular