Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : 12 दिन में बस हादसे की दूसरी घटना, छह लोग...

कानपुर : 12 दिन में बस हादसे की दूसरी घटना, छह लोग घायल

कानपुर में अगले तीन दिन तक इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन पर प्रतिबंध

कानपुर (हि.स.)। जिले के व्यस्ततम चौराहों में शुमार टाटमिल के पास 12 दिन में इलेक्ट्रिक बस दुर्घटना का दूसरा मामला सामने आया है। बाबूपुरवा नया पुल से गुजर रही एक इलेक्ट्रिक बस अनियंत्रित होकर चार माटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए टैंपो से भिड़ गयी। इस दुर्घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है।

दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़कर जमकर पीटा। इस बीच चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भीड़ को काबू करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए घायलों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश के साथ ही दुर्घटना के पीड़ितों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना, जिलाधिकारी नेहा शर्मा और डीसीपी दक्षिण रवीना त्यागी सहित पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने हिरासत में लेकर चालक अतर सिंह से पूछताछ शुरू की। चालक ने ढलान पर बस का हैंडब्रेक न लगने की बात बताई है।

मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में बस का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसे की जानकारी दी है। इसके बाद अभी से अगले 3 दिन तक इलेक्ट्रॉनिक बसों का परिचालन जनपद में रोक दिया गया है। सभी बसों की फिटनेस चेक करने के बाद जो बस पूरी तरह सही होगी उसे ही चलने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही इस हादसे की जांच डीसीपी ट्रैफिक और अपर जिलाधिकारी को दी गयी। शाम तक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

इस दुर्घटना में टैंपो सवार हसीनबानो पत्नी अफसार निवासी बाबूपुरवा, साकेत नगर निवासी इंद्रपाल, तात्याटोपे नगर निवासी दीपक द्विवेदी के अलावा अजीतगंज निवासी अर्सलान, अभिषेक गुप्ता व संतोष घायल हैं। संतोष की हालत नाजुक है। उसे हैलट रेफर किया गया है।

इससे पहले 30 जनवरी की देर रात टाटमिल चौराहे के पास बेकाबू इलेक्ट्रिक बस ने 17 वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी।

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular