कानपुर (हि.स.)। मदद के नाम पर लोगों को ब्याज पर पैसा देना और फिर उनसे कई गुना वसूल करने वाले सूदखोर को चकेरी पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गये अभियुक्त की पहचान अनूप शर्मा के रुप में हुई है, जो 10 फीसद प्रतिमाह ब्याज पर रुपया देता था। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर रही है।
चन्द्र नगर लाल बंगला निवासी शिव प्रकाश ने बताया कि अनूप ने 20 हजार रुपये 10 फीसद प्रतिमाह ब्याज पर दिये थे। जिसके एवज में उसने 60 हजार रुपये वसूल लिये हैं। इसके बाद भी आए दिन मूलधन और ब्याज की मांग करते हुए धमकी दे रहा है। चकेरी पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा लिखकर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया है। बताते चलें कि पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में सूदखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसमें करीब आधा दर्जन सूदखोरों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
सूदखोरों से परेशान युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास
बर्रा छह निवासी अजय पटेल नाम के युवक ने सुसाइड नोट लिख कर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सुसाइड नोट में प्रशासन से परिवार की रक्षा की मांग की। जिसका इलाज तुलसी हॉस्पिटल में चल रहा है। सुसाइड नोट में समय पर पैसा ना दे पाने पर सूदखोरों के द्वारा धमकी का जिक्र किया है। यह भी बताया गया कि एक विवादित मकान को कुछ लोगों के द्वारा मुझे दिलाया गया जिसका ब्याज वो रकम से ज्यादा दे चुका है। इसके बावजूद सूदखोर बराबर ब्याज और मूलधन की मांग कर रहे हैं।
