गुणवत्ता की जांच एचबीटीयू करता रहे बराबर
कानपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजक्ट स्मार्ट सिटी पर कानपुर में तेजी से कार्य हो रहा है और इसकी बराबर मॉनिटरिंग खुद मुख्यमंत्री कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जो भी कार्य होने है उनमें 25 फीसद कार्य भौतिक रुप से पूरे हो चुके हैं। यह बातें सोमवार को स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों का निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त डा. राजशेखर ने कही।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी आयुक्तों और सीईओ स्मार्ट सिटीज को साप्ताहिक आधार पर स्मार्ट सिटी के विभिन्न परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा और निगरानी करने का निर्देश दिया है, ताकि प्रोजेक्ट को समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके और लोगों को समय पर लाभ दिया जा सके। इसी तहत सोमवार को नगर आयुक्त/सीईओ स्मार्ट सिटी, कार्यकारी अभियंता स्मार्ट सिटी/नगर निगम के साथ पालिका स्टेडियम न्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कार्य का निरीक्षण किया और प्रगति समीक्षा की गई। बताया कि वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 25 फीसद है। उन्होंने सीईओ स्मार्ट सिटी एंड कंस्ट्रक्शन एजेंसी को इस नवंबर तक पहले चरण (प्रशासनिक भवन, बैंक्वेट हॉल आदि) को पूरा करने और विभिन्न खेल सुविधाओं (स्विम पूल, बैडमिंटन कोर्ट, जिम, टेबल टेनिस, आदि) को मार्च 2022 तक पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि इस परिसर में पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश, वर्षा जल संचयन प्रणाली, वॉटर रीसाइक्लिंग, सीवेज उपचार प्रणाली और पर्याप्त वृक्षारोपण के प्रावधान के साथ एक ग्रीन बिल्डिंग होगी।
मंडलायुक्त ने अगले 15 दिनों में खेल परिसर के संचालन और रखरखाव के लिए आरएफपी (प्रस्ताव के लिए अनुरोध) तैयार करने और अगस्त के अंत तक आरएफपी जारी करने का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही बताया कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए, स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन ने परियोजना की समवर्ती गुणवत्ता जांच के लिए एचबीटीयू को नामित किया गया है। मंडलायुक्त ने सीईओ स्मार्ट सिटी को अगले सप्ताह तक द्वितीय गुणवत्ता जांच कराकर आयुक्त को रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
