चकेरी थाना में रह चुका है प्रभारी निरीक्षक, फ्रेंड्स कॉलोनी की घटना
कानपुर (हि.स.)। चकेरी थाना में प्रभारी रह चुके दिनेश त्रिपाठी पर उसी थाना में किशोरी से दुष्कर्म किये जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस ने सेवानिवृत्त निरीक्षक को गिरफ्तार करते हुए जांच शुरु कर दी है और पीड़ित किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया।
महाराजपुर निवासी हलधर (काल्पनिक नाम) चकेरी के फ्रेंड्स कॉलोनी में सेवानिवृत्त निरीक्षक दिनेश त्रिपाठी के मकान में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहकर मकान की देखभाल करते हैं। पीड़ित पिता के अनुसार उनकी पत्नी भी टिफिन सर्विस चलाकर बच्चों की पालन पोषण कर रही है। दिनेश त्रिपाठी प्रयागराज में अपने परिवार के साथ रहते हैं और समय—समय पर अपने चकेरी स्थित मकान में आते रहते हैं। तीन दिन पहले ही वह अपने मकान पर आये और रविवार की रात को 13 वर्षीय बेटी और 17 वर्षीय बेटे के साथ कमरे में टीवी देख रहे थे। रात होने पर बेटा वापस सोने के लिए आ गया, लेकिन बेटी टीवी देखती रही। पीड़ित के अनुसार इसी बीच दिनेश त्रिपाठी बेटी के साथ जबरदस्ती करने लगा और जब बेटी काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो चिंता हुई। इस पर जब कमरे में जाकर देखा गया तो वहां पर दिनेश त्रिपाठी बेटी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थे।
पीड़ित पिता पर बनाया दबाव
पीड़ित पिता के अनुसार पकड़े जाने पर पहले तो दिनेश त्रिपाठी रुपयों का लालच दिया, ताकि पुलिस में शिकायत न हो सके। इस पर जब सोमवार को चकेरी थाना में शिकायत कर दी गई तो दबाव बनाने लगा कि कुछ नहीं कर पाओगे मैं वहां पर थाना प्रभारी रह चुका हूं। हालांकि मामले को डीसीपी पूर्वी अनूप कुमार सिंह ने संज्ञान ले लिया और मंगलवार को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। चकेरी थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा में मामला दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
