Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की मिली धमकी, चलाया गया...

कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की मिली धमकी, चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रुप से चला रही अभियान, चार टीमें कर रही बराबर गश्त

कानपुर, 01 नवम्बर (हि.स.)। नवम्बर माह के अंतिम सप्ताह में कानपुर सेंट्रल सहित कई रेलवे स्टेशनों को बम उड़ाने की धमकी पत्र के जरिये मिली है। इसको लेकर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने जाने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही संदिग्धों की तलाशी भी ली जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रुप से चेकिंग अभियान चला रही है, साथ ही चार टीमें बराबर गश्त कर रही हैं। हालांकि अभी तक कोई भी संदिग्ध नहीं मिला जिस पर कार्रवाई की जा सकी, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से चौकन्ना है।

आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा की ओर से डाक के जरिये हापुड रेलवे स्टेशन अधीक्षक को पत्र भेजा गया है जिसमें इस बात का जिक्र है कि 26 नवम्बर को कानपुर सेंट्रल सहित हापुड़, खुर्जा, अलीगढ़, टुंडला, बरेली, गोरखपुर, लखनऊ और मुरादाबाद रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके साथ ही आगामी तिथि छह दिसम्बर दी गई है जिसमें प्रयागराज, अयोध्या, उज्जैन, मुंबई, हरिद्वार और अहमदाबाद के मंदिरों को बम से उड़ाया जाएगा।

इस पत्र के मिलने से पूरे उत्तर प्रदेश में चौकसी बढ़ा दी गई है और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रुप से चेकिंग अभियान चला रही है। आरपीएफ प्रभारी पीके ओझा ने बताया कि रेलवे की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है और उन सभी जगहों पर निगरानी तेज कर दी गई है जहां पर सुनसान रहता है। इसके साथ ही ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जीआरपी प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि चार टीमें गठित कर उनको चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। त्योहारों पर सभी टीमें प्लेटफार्म से लेकर ट्रेनों तक की जांच करेंगी। हालांकि अभी तक कोई भी ऐसा संदिग्ध नहीं मिला है जिसके तार धमकी भरे पत्र से मिल रहे हों।

RELATED ARTICLES

Most Popular