कानपुर (हि.स.)। सड़कों पर बेतरतीब ढंग से दौड़ती सिटी बस सेवा का हाल जानने के लिए मंडलायुक्त डॉ राजशेखर ने सामान्य यात्री बनकर सफर किया। सफर के दौरान बसों में हाल कुछ ऐसा नजर आया कि सुविधाओं की पोल खुल गई और उन्होंने परिवहन विभाग के अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए है। मंडलायुक्त ने 13 परिचालकों को निलम्बित करने के साथ ही एक चालक को बर्खास्त करने के निर्देश से परिवहन विभाग में भूचाल सा आ गया।
सिटी बसोें का हाल जानने के लिए मंडलायुक्त डॉ राजशेखर जब सामान्य यात्री बनकर शहर में दो बसों में घूमे। इस दौरान यात्रियों की तरह उन्होंने टिकट खरीदे। मंडलायुक्त के चेहरे पर मास्क लगा होने की वजह से उन्हें कोई पहचान नहीं सका। इसके अलावा छह अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग बसों का जायजा लिया। मंडलायुक्त के अलावा अधिकारियों की टीम ने पाया कि न तो बसों के चालक और न ही परिचालक, कोई भी मॉस्क नहीं लगाए थे और न ही यात्रियों को मास्क लगाने को कह रहे थे।
यह अपनी निर्धारित वर्दी भी नहीं पहने थे। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध नहीं था और न ही एलईडी डिस्प्ले बोर्ड काम कर रहा था। इनका रख-रखाव भी बेहद खराब पाया गया। एक मामले में यह पाया गया कि परिचालक ने टिकट के लिए एक यात्री से पैसे लिए, लेकिन यात्री को टिकट जारी नहीं किया। बसों में सवार यात्री भी मॉस्क, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।
सिटी बसों के चालक से लेकर परिचालक न तो कोरोना नियमों का पालन कर रहे थे और न ही इन बसों में कोई सामान्य व्यवस्था नजर आयी। अब मंडलायुक्त ने नौ सितम्बर को परिवहन विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई है।
यह हुई कार्रवाई
– इस निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने सभी 13 परिचालकों (बिना निर्धारित ड्रेस/वर्दी और बिना मास्क के पाए जाने पर) को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने के निर्देश दिए।
– सभी 14 चालकों (निजी सेवा प्रदाता चालकों) को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाया जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
– लापरवाही और खराब प्रवर्तन के लिए परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल के सभी सदस्यों के खिलाफ विभागीय जांच होगी।
– निजी एजेंसी को कारण बताओ नोटिस। खराब रख-रखाव और खराब पर्यवेक्षण और ड्राइवरों पर प्रभावी नियंत्रण न रखने के लिए ब्लैक लिस्ट करने के नोटिस देने के आदेश दिए।
– लापरवाही और खराब पर्यवेक्षण के लिए एआरएम (सिटी बस सेवाएं) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इन मंडलीय अधिकारियों द्वारा भी बसों का किया गया निरीक्षण
अभय कुमार शाही, उपनिदेशक पंचायत
अखिलेश बाजपेई, उप निदेशक दिव्यांग कल्याण
डी.के.सिंह, संयुक्त निदेशक, कृषि
राजेश शाही, सहायक निदेशक, बेसिक शिक्षा
मनोज कुमार, अधिशाषी अभियंता, टी.ए.सी
अखिलेश कुमार, अधिशाषी अभियंता, लघु सिंचाई
