Wednesday, January 14, 2026
Homeकानपुर कानपुर सहित बुन्देलखण्ड में शुष्क रहेगा मौसम, बढ़ेगा तापमान

 कानपुर सहित बुन्देलखण्ड में शुष्क रहेगा मौसम, बढ़ेगा तापमान

-पूर्वोत्तर उप्र के कुछ स्थानों पर होगी छिटपुट बारिश

कानपुर (हि.स.)। सावन का माह खत्म होते ही मानसून की ट्रफ रेखा भी उत्तर प्रदेश से खिसक गई है। इससे अब अधिक बारिश की संभावना नहीं है और कानपुर सहित बुन्देलखण्ड में मौसम शुष्क रहेगा। तराई क्षेत्रों एवं पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश के आसार हैं। इससे तापमान बढ़ेगा और उमस भरी गर्मी एक बार फिर बढ़ेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वी असम तक फैली हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किमी के बीच ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-दक्षिण ट्रफ कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक भाग से लेकर तमिलनाडु के कोमोरिन क्षेत्र तक फैला हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है और कानपुर व बुन्देलखण्ड के जनपदों में बारिश के कोई आसार नहीं है, हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 77 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 9.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के आसार हैं, किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।

अजय/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular