– पुलिस की जांच में भी नहीं हल हुई समस्या, दहशत में है परिवार
कानपुर (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र में रह रहा एक शिक्षक इस कदर परेशान हो गया है कि परिवार सहित अपने ही घर में हेलमेट लगाकर रहने को मजबूर है। इसकी वजह यह है कि पांच दिनों से उसके घर पर रुक-रुककर पत्थरबाजी हो रही है। मकान की खिड़कियों के सीसे टूट चुके हैं और पूरा परिवार दहशत में है। यही नहीं पुलिस की जांच में भी शिक्षक की समस्या हल नहीं हो सकी।
बर्रा के दामोदर नगर में पेशे से शिक्षक आदित्य शर्मा अपने परिवार के साथ मकान में रहते हैं। परिवार में पत्नी बच्चे और अन्य सदस्य रहते हैं। शिक्षक ने शुक्रवार को बताया कि सोमवार से मकान पर रुक-रुककर पत्थर बरस रहे हैं। यह पत्थर कहां से आ रहे हैं किसी को पता नहीं चल पा रहा है। कई बार परिवार के सदस्यों को भी पत्थर लगे हैं। पत्थरबाजी से मकान की खिड़कियों में लगे सभी सीसे टूट चुके हैं और इससे पूरा परिवार घबराया हुआ है। पत्थरबाजी के डर से परिवार के सभी सदस्य जब भी बालकनी या घर के बाहर निकलते हैं तो सिर में हेलमेट लगाने को मजबूर हो जाते हैं।
इसकी जानकारी डायल 112 को भी दी गई और पुलिस मौके पर आई भी। थोड़ी देर जांच करने के बाद पुलिस चली गई और फिर पत्थर बरसने लगे। पुलिस की ओर से कोई मदद नहीं मिली और परिवार दहशतजदा है। आदित्य के मुताबिक पुलिस ने उनकी तहरीर नहीं ली है और कोई कार्रवाई भी नहीं की है।
दिखाई नहीं पड़ रहे पत्थर
आदित्य ने बताया कि पत्थर कहां से आ रहे हैं, यह नहीं दिखाई दे रहा है। कई बार हेलमेट लगाकर प्रयास किया गया कि देखा जाये कि पत्थर कहां से आ रहे हैं तो पता ही नहीं चल पा रहा है और धड़ाम-धड़ाम पत्थर आ जाते हैं। घर पर पत्थर बरसने से उनका परिवार दहशत है और अपनी सुरक्षा खुद करने काे मजबूर हैं। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि कोई असमाजिक तत्व दूर से गुलेल से इस तरह की हरकत कर रहा है।
