रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिखाएंगे हरी झंडी
झांसी(हि. स.)। बुन्देलखण्ड व कानपुर क्षेत्र की 52 विधानसभाओं के लिए जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ 19 दिसंबर को बुन्देलखण्ड की हृदयस्थली वीरांगना भूमि झांसी से होगा। इस यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। पूरे प्रदेश की 403 विधानसभाओं के लिए ऐसी 6 यात्राएं निकाली जा रही हैं। उनमें से यह तीसरी है। यह प्रदेश की यात्रा है और प्रदेश की यात्रा प्रमुख व संयोजक के नाते मैं आप सबके सामने हूं। उक्त जानकारी दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बाबूराम निषाद ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को दी।
बताया कि फिलहाल प्रदेश में 6 यात्राएं निकलने वाली हैं। सभी यात्राएं 403 विधानसभाओं को कवर करेंगी। झांसी से शुरू होकर यह यात्रा बुंदेलखंड समेत कानपुर क्षेत्र की 52 विधानसभाओं तक जाएगी। इसमें करीब 25 सभाएं, 4 जनसभाएं,एक उद्घाटन सभा व एक समापन सभा आयोजित होगी। 15 दिन तक चलने के बाद इस यात्रा का कानपुर की बिठूर विधानसभा में विश्राम होगा। सभी 6 यात्राओं का समापन लखनऊ में एक साथ होगा,जिसमें स्वयं देश के प्रधानमंत्री दिशा निर्देश देंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा को जनता का विश्वास और भरोसा मिला है। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। 2014 से हमारे मोदी जी और संगठन शिल्पी पूरे प्रदेश और देश में भारतीय जनता पार्टी को ऊंचाई देने वाले गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में संभव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी को विस्तार देने का और समय रहते मोदी जी प्रदेश में समाज के आधे अधूरे विकास को पटरी तक पहुंचाने का कार्य इस सरकार ने किया है। मैं कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में 2014 के बाद 2017 में जनता ने विजय पताका फहराया। बहुमत की सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ के 5 साल पूरे होने जा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार के नाते योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लोगों तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंच रही हैं।
उत्तर प्रदेश में भय, भूख,भ्रष्टाचार और लूटपाट की सरकारें थी। पिछली सरकारों की मंशा विकास की नहीं शोषण की थी। योगी जी के नेतृत्व में आज स्वर्णिम युग जैसा प्रतीत हो रहा है। आम जनता द्वारा भरोसा जताया जा रहा है और उन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनमानस तक पहुंच रहा है। सभी को न्याय मिला। कानून का राज और स्पष्ट सुशासन देखा जा रहा है। भ्रष्टाचार के स्तर पर पाबंदियां लगी है। विभागों का भ्रष्टाचार काफी कम हुआ है। गरीबों व किसानों को उचित स्तर पर बिजली मिल रही है। कोरोना काल में भी बहुत सहयोग मिला। 15 करोड़ लोगों को अन्न वितरण का लाभ मिला। जन विश्वास यात्रा के माध्यम से अपनी नीतियों को धरातल पर ले जाने का काम करेंगे। चुनावी समय है बहुत सारे लोग यात्राएं निकाल रहे है। कोई 403,कोई 500 तो कोई साढे 300 सीट जीतने का दावा कर रहे हैं। हमें भरोसा है कि जनता हमें फिर बहुमत प्रदान करेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, रानू देवलिया,शैलेन्द्र प्रताप सिंह, प्रियांशु डे व अन्य लोग उपस्थित रहे।
ये रहेगा रूट
झांसी में 19 तारीख को जनसभा करके जन विश्वास यात्रा ललितपुर पहुंचेगी। यात्रा में कोई न कोई बड़ा नेता चलने वाला है। वह प्रदेश या देश का नेता हो सकता है। सबका दिन के हिसाब से दायित्व तय होंगे। ललितपुर में विश्राम होगा। यात्रा के दूसरे दिन महरौनी में सभा फिर मऊरानीपुर। मऊरानीपुर से महोबा,महोबा से बाँदा,चित्रकूट फिर जालौन और उसके बाद कानपुर क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं के लिए निकल पड़ेंगे। अंत में बिठूर विधानसभा में विश्राम होगा।
महेश
