उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने अधिकारियों से बात करने का दिया आश्वासन
कानपुर (हि.स.)। कोरोना काल के बाद व्यापार धीरे—धीरे पटरी पर आ रहा है, लेकिन अधिकारियों के उत्पीड़न से व्यापारी परेशान हो गया है। खासकर औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले कानपुर नगर में फैक्ट्रियों व प्रतिष्ठानों में बराबर अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं। इससे सरकार की छवि धूमिल होती है। इस तरह के आरोप लगाते हुए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक विनोद गुप्ता ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा और प्रभारी मंत्री होने के नाते जनपद के अधिकारियों से बात की जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय सह-संयोजक विनोद गुप्ता ने उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात की। उन्होंने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र समेत पूरे यूपी में खाद्य विभाग द्वारा व्यापारियों की दुकानों, मिलों, फैक्ट्रियों में जाकर सैम्पलिंग, मैन्यूफैक्चरिंग व स्टॉक लिमिट के नाम पर की जा रही छापेमारी व उसकी आड़ में खाद्य विभाग द्वारा किये जा रहे व्यापारियों के उत्पीड़न के सम्बंध में शिकायत की। क्षेत्रीय सह संयोजक ने कहा कि व्यापारी पहले से ही दो वर्षों से कोरोना काल मे परेशान है उस पर अधिकारी अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल करते हुए कार्यवाही के नाम पर व्यापारियों का अनैतिक रुप से उत्पीड़न कर रहे हैं। जिसको रोकने की आवश्यकता हैं। व्यापारी को राहत देने की आवश्यकता है सरकार हमेशा व्यापारियों का सहयोग करती हैं, लेकिन अधिकारी व्यापारियों को परेशान करने से बाज नहीं आते हैं। जिस पर उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने क्षेत्रीय सह संयोजक विनोद गुप्ता को आश्वस्त किया और कहा कि व्यापारियों का पूरा सहयोग किया जाएगा और व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आश्वस्त भी किया।
