यूपी बोर्ड के साथ सीबीएसई के भी छात्र रिजल्ट से नाखुश
कानपुर (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना से बिना परीक्षा आये हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट के परीक्षा परिणाम को लेकर कोई छात्र खुश तो कोई नाखुश है। हालांकि बोर्ड की ओर से हेल्पलाइन जारी किये गये हैं, लेकिन जिन छात्रों को अपनी पढ़ाई पर विश्वास था और कम नंबर आये वह अब विरोध पर उतर आये हैं। छात्रों का यह भी आरोप है कि विद्यालयों ने उन छात्रों के नंबर बोर्ड को अधिक भेजे हैं, जो छात्र विद्यालय के शिक्षकों से कोचिंग पढ़ते हैं।
यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड ने हाल ही में हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित किया है। यह परिणाम इस वर्ष कोरोना के चलते बिना परीक्षा के घोषित किया गया है। जिस पर लगभग सभी विद्यालयों के कुछ न कुछ छात्र परीक्षा परिणाम से खुश नहीं हैं। बुधवार को शहर के कई विद्यालयों के छात्रों ने विद्यालय पहुंचकर अपना विरोध जाहिर किया। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता नहीं बरती गई और योग्यता अनुसार अंक नहीं मिले।
प्रधानाध्यापिका ने दिया आश्वासन
सीबीएसई बोर्ड से संचालित कल्याणपुर के बैरी स्थित मंटोरा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने स्कूल गेट पर जमकर हंगामा काटा जिनमें छात्राएं भी शामिल रहीं। प्रदर्शन कर रहे छात्र घंटों स्कूल के बाहर प्रिंसिपल से मिलने के लिए अड़े रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने रोड जाम कर दी, जिससे यातायात बाधित होने लगा। मौके पर मौजूद पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर सड़क खाली कराई।
छात्रों के घंटों हंगामा करने करने के बाद प्रधानाध्यापिका रितु बाजपेई बाहर आई और छात्रों की समस्याओं को सुना। छात्रों की लिखित शिकायतों को लेकर प्रिंसिपल ने छात्रों को कमेटी बनाकर जांच करने का आश्वासन दिया है। इसी तरह शहर के दक्षिण स्थित यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड से संचालित कई विद्यालयों के बाहर छात्रों ने आरोप लगाकर हंगामा काटा। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद समस्या का हल निकाला जाएगा। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि जिन छात्रों को अपने नंबरों से परेशानी है तो वह शिकायत कर परीक्षा दे सकते हैं।
