– सपा के लिए लकी है कानपुर, दो बार की चुनावी यात्रा में बनी सरकार
कानपुर (हि.स.)। औद्योगिक नगरी कानपुर को भले ही लोग प्रदूषण नगरी के उपनाम से जानते हों, लेकिन राजनीति के लिए कानपुर बहुत लकी साबित हो रहा है। एक बार नहीं, दो बार नहीं बल्कि चार बार यह सच साबित हुआ कि जिस पार्टी ने कानपुर से चुनावी यात्रा शुरु की उसे जीत अवश्य मिली है। अब एक बार फिर अखिलेश यादव कानपुर से ही विजय रथ यात्रा की शुरुआत कर 2011 का इतिहास दोहराने में जुट गये हैं। हालांकि 2011 में विजय रथ यात्रा की जगह क्रांति रथयात्रा नाम दिया गया था और 2012 में पहली बार सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल रही। वहीं अन्य दो बार कानपुर से चुनावी यात्रा की शुरुआत कर भाजपा भी बाजी मारने में सफल रही।
उत्तर प्रदेश विधान सभा के चुनाव आगामी छह माह के अंदर होने वाले हैं और सभी राजनीतिक पार्टियां जीत की गणित का तानाबाना बुन रहे हैं। इसके साथ ही जनता को अपने पाले में करने के लिए उन सभी बिन्दुओं को मुद्दा बनाया जा रहा है जिससे पार्टी को लाभ मिल सके। ऐसे में मुख्य विपक्षी पार्टी सपा सबसे पहले विजय रथयात्रा को निकालने जा रही है और वह भी कानपुर नगर जनपद से। इस रथ यात्रा में खुद सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सवार होंगे और जगह-जगह जनता को भाजपा की खामियां गिनाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को भी जनता के बीच रखेंगे।
