Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : वायरल बुखार लोगों को कर रहा परेशान, कोरोना से रहें...

कानपुर : वायरल बुखार लोगों को कर रहा परेशान, कोरोना से रहें सावधान

– अस्पतालों के बेड फुल, बच्चे हो रहे अधिक प्रभावित

कानपुर (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण अभी पूरी तरह से खत्म ही नहीं हुआ कि वायरल बुखार लोगों को परेशान करने लगा है। यह बुखार मौसम के बदले मिजाज से वायरल का रुप धारण कर लिया है और अस्पतालों के बेड फुल चल रहे हैं। इसमें सबसे अधिक बच्चे प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों को उल्टियां हो रही हैं। यहां के प्राइवेट अस्पतालों व सरकारी अस्पतालों के बाहर मरीजों की संख्या में बराबर इजाफा देखने को मिल रहा है।

जिला अस्पताल उर्सला के डाॅ. गौतम जैन ने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव से बुखार तेजी से पांव फैला रहा है। इस सीजन में अमूमन बुखार आता ही है, लेकिन अब की बार कोरोना के चलते इसको हल्के में नहीं लेना चाहिये। बुखार आने पर फौरन डाक्टर से परामर्श लें, ताकि कोरोना की चपेट से बचा जा सके। बताया कि अस्पताल में इन दिनों बुखार के मरीजों में तीन से चार गुना वृद्धि हुई है। हालांकि कोरोना के केस बहुत कम मिल रहे हैं, लेकिन लापरवाही से नुकसान हो सकता है।

गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कालेज से सम्बद्ध हैलट अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ यशवंत राय ने बताया कि इस बार जो बच्चे अस्पताल में आ रहे हैं वह बुखार से पीड़ित हैं। उनके शरीर में लाल चकत्ते पड़ रहे हैं और उन्हें उल्टियां भी हो रही है। इन सभी को इलाज दिया जा रहा है। अस्पताल में क्षमता से अधिक बच्चों का इलाज किया जा रहा है।

बच्चों के साथ इस समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, सबसे ज्यादा इस बात का ध्यान देना चाहिए कि दस्त आने के बाद अगर बच्चा सुस्त हो तो सतर्क हो जाएं। बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने दें साथ ही साथ बच्चे को लगातार ओआरएस का घोल देते रहें। ज्यादा तबियत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से सम्पर्क करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular