– व्यक्ति को वशीकरण करने के लिए पांच हजार रुपये में एक नरमुंड था महिला ने खरीदा
कानपुर (हि.स.)। जनपद के पनकी इलाके में मिले नरमुंड मामले में जांच के दौरान नया मोड़ आ गया। एक महिला द्वारा तंत्र-मंत्र व सिद्धि विद्या के बाद नरमुंडों को खाली प्लाट में फेंका गया था। उसने पांच हजार रुपये में एक नरमुंड खरीदने की बात भी पुलिस को बताई है। पुलिस अब नरमुंड उपलब्ध कराने वाले की तलाश में जुट गई है।
पनकी क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के पास खाली प्लाट में सोमवार को कई नरमुंड मिलने से क्षेत्रीय लोग घबरा गए। नरमुंडों की सूचना पर एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने फॉरेंसिक टीम के साथ छानबीन करते हुए जांच के लिए लैब में भेज दिए। जांच में यह भी पता चला कि नरमुंड डेढ़ से दो साल पुराने हैं। इस बीच पुलिस ने जांच शुरु की तो क्षेत्र में ही रहने वाली एक महिला द्वारा नरमुंड प्लाट में फेंकने का मामला प्रकाश में आया। थानाध्यक्ष पनकी अतुल कुमार सिंह ने महिला गीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की। एसपी पश्चिम ने मंगलवार की देर शाम नरमुंड मिलने के मामले में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई महिला ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह बांदा के रैउना रहने वाले राम मनोहर तांत्रिक का काम करने वाले के सम्पर्क में आई। जिसके बाद वह तंत्र-मंत्र साधना कर लोगों को वशीकरण करने की बात कही। महिला उसके झांसे में आ गई और नौबस्ता के मौरंग मंडी के पास रहने वाले एक व्यक्ति को वश में रहने के लिए उससे एक-एक कर चार नरमुंड खरीदें। इसके लिए प्रत्येक नरमुंड के लिए महिला से तांत्रिक द्वारा पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि ली गई और उसने तांत्रिक की बताई बातों के अनुसार तंत्र-मंत्र किया।
एसपी ने बताया कि महिला से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तांत्रिक को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया कि तांत्रिक बांदा में केन नदी में रेत की ढुलाई का काम करता था। तीन साल पूर्व काम के दौरान उसे कुछ नरमुंड मिले। जिन्हें व तंत्र-मंत्र पूजा में प्रयोग करने लगा। इससे उसे काफी आमदनी होने पर वह बांदा के अलावा तांत्रिक पूजा कराने के नाम पर आसपास के कई जनपदों में पहुंचने लगा।
कानपुर में भी वह महिला के सम्पर्क में आया और उसने उसे तांत्रिक पूजा से व्यक्ति को वशीकरण किए जाने की झांसा दिया। उसके झांसे में फंसकर महिला आ गई और वह भी तंत्र-मंत्र करने लगी। पुलिस को पूछताछ में गिरफ्तार तांत्रिक ने यह भी बताया कि कि वह वशीकरण, पति से अनबन, प्रेमजाल में फांसने जैसे तकियानूसी बातों के लिए अनेक प्रकार की विधाएं कराए जाने के नाम पर भी लोगों को फंसाता था और पैसा वसूलता है। गिरफ्तार महिला व तांत्रिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजने की कार्यवाही की जा रहा है।
