Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : रेमडेसिवीर व मेडिकल उपकरणों की कालाबाजारी करने वाले सात अभियुक्त...

कानपुर : रेमडेसिवीर व मेडिकल उपकरणों की कालाबाजारी करने वाले सात अभियुक्त गिरफ्तार

जरुरतमंदों से धन उगाही का अवसर भुनाने में जुटे चंद लोगोंं की समाज कर रहा निंदा

कानपुर (हि.स.)। जिले में जीवनरक्षक दवाओं और उपकरणों की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार के बाद गुरुवार को भी कानपुर पुलिस ने अपनों की जान बचाने वाले परेशानी में फंसे जरुरतमंदों से पैसों की खातिर कालाबाजारी करने वाले सात लोगों को अलग-अलग थानाक्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मेडिकल उपकरण व जीवनरक्षक दवाओं के साथ नकदी बरामद की गई है। 
कोरोना संक्रमण के बढ़ने के साथ जनपद में मेडिकल उपकरणों और दवाओं के कृतिम अभाव दिखाकर जरूरतमन्दों को मनमाने मूल्य पर सामान और दवाओं को बेचा जा रहा है। इस कालाबाजारी की जानकारी होने पर पुलिस के आलाधिकारियों ने ब्लैक मार्केटिंग करने वाले लोगों की धरपकड़ का अभियान चला रखा है। मानवीय मूल्यों को ताक पर रख कर आपदा में अवसर तलाश रहे लोगों को गिरफ्त में लेने के लिए जिले की पुलिस अपराध शाखा भी सक्रिय होकर ऐसे लोगों की धरपकड़ में जुटी हुई है। 
गुरुवार को पुलिस उपायुक्त अपराध सलमान ताज पाटिल की अगुवाई में क्राइम ब्रांच व रेलबाजार की संयुक्त टीम ने रेलबाजार चकेरी इलाके से मेडिकल क्षेत्र से जुड़े चार लोगों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। पकड़े गये सभी अभियुक्त मेडिकल उपकरण एवं दवा को निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक में बेच थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमनदीप सिंह उर्फ रजत निवासी गोविन्द नगर, अंशू सचदेवा निवासी गोविन्द नगर, अमरीश गुप्ता निवासी ग्वालटोली व सीताचरण गुप्ता निवासी कारवालो नगर रायपुरवा हैं। इनके कब्जे से पुलिस को नौ रेमडेसिवीर इंजेक्शन, 26 आक्सीमीटर व एक लाख 52 रुपये से अधिक की रकम बरामद हुई है। 
वहीं चकेरी व नजीराबाद थाना पुलिस ने भी क्रमश: दो व एक अभियुक्त को जीवनरक्षक दवाओं की कालाबाजारी करते गिरफ्तार किया है। चकेरी पुलिस ने दो अभियुक्तों को प्रेशर रेग्युलेटर के साथ पकड़ा है। पकड़े गए अभियुक्तों में नीलेश साहू लालबंगला व आशुतोष साहू हैं। जबकि नजीराबाद पुलिस ने कौशलपुरी निवासी गोविंद सिंह को पकड़ा है। उसके कब्जे से एक आक्सीमीटर, आक्सीजन रेग्युलेटर व मोटर साइकिल बरामद की गई है। 
पुलिस उपायुक्त अपराध ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछतांछ में रेमडेसीवीर इन्जेक्शन को 70 हजार में बेचा जाना बताया है जबकि उसका मूल्य नौ सौ रुपया है। वहीं अन्य उपकरणों के साथ गिरफ्तार अभियुक्तों ने भी कई गुना अधिक दाम पर जरूरतमंदों को दवाएं व उपकरण बेचने की बात कबूल की है। अब तक अभियुक्तों द्वारा दर्जनों लोगों को इस तरह से दवाएं व उपकरण बेचे जाने की मामले स्वीकार किए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular