– आर्थिक तंगी से जूझ रहा हास्य कलाकार, फेसबुक में डाली थी खुदकुशी किये जाने की पोस्ट
कानपुर (हि.स.)। पुलिस के विषय लोगों की आम धारणा रहती है कि घटना के बाद ही पहुंचती है, लेकिन कानपुर में कई ऐसी घटनाओं को पुलिस ने बचाया जिससे यह धारणा सच साबित नहीं हो रही है। मंगलवार की रात भी पुलिस की सक्रियता से एक हास्य कलाकार की उस समय जान बच गई जब वह फेसबुक पर पोस्ट डालने के बाद खुदकुशी करने जा रहा था। पुलिस की ऐसी कार्यशैली पर अब लोग पुलिस के विषय कसीदे पढ़ रहे हैं।
नौबस्ता के हंसपुरम निवासी अर्पित सैनी हास्य कलाकार हैं। परिवार में मां संतोषी सैनी और पिता राजेश सैनी है। मां माइग्रेन से तो पिता लकवा से पीड़ित हैं। माता पिता यशोदा नगर सैनिक चौराहे पर रहते हैं जो अंडे का ठेला लगाकर जीवन का गुजारा करते हैं। हंसपुरम में अर्पित अकेले रहता है और लॉकडाउन के बाद से उसका काम भी बंद हो गया। आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे अर्पित ने मंगलवार देर रात फेसबुक पर पोस्ट डाली कि मेरी मौत का लाइव टेलीकास्ट 12 बजे रात देखिये। ये पोस्ट पड़ते ही लोगों ने अलग-अलग टिप्पणी की और हास्य कलाकार को ऐसा करने से मना करने लगे। कुछ ही देर में उसकी पोस्ट पर 155 टिप्पणी और 28 शेयर हुए।
इसी बीच कुछ लोगों ने ट्विटर पर पोस्ट डाल दी तो नौबस्ता पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी अमित कुमार भड़ाना फौरन फोर्स के साथ निकल पड़े और हास्य कलाकार का घर ढूंढ लिये। थाना प्रभारी ने हास्य कलाकार को गले लगाते हुए कहा कि मैं आपका बड़ा भाई हूं और आप ऐसा नहीं कर सकते। नौबस्ता पुलिस हर तरह से आपके साथ है और कोई दिक्कत हो तो बताएं। इसके बाद फेसबुक लाइव पर बड़े भाई की तरह थाना प्रभारी ने हास्य कलाकार के साथ वीडियो पोस्ट किया। थाना प्रभारी के समझाने पर हास्य कलाकार ने अपना इरादा बदल दिया और शहरवासी पुलिस की ऐसी सक्रियता पर गुणगान कर रहे हैं।
अजय
