Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर मेट्रो: राजकीय पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने जानीं मेट्रो परिचालन की बारीकियां

कानपुर मेट्रो: राजकीय पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने जानीं मेट्रो परिचालन की बारीकियां

– शैक्षणिक भ्रमण के साथ विद्यार्थियों ने लिया मेट्रो की यात्रा का आनंद

कानपुर (हि.स.)। कानपुर में विश्वस्तरीय एवं अत्याधुनिक तकनीक के साथ मेट्रो सेवाओं का सफल परिचालन हो रहा है। इस अत्याधुनिक तकनीक से अवगत होने और इसकी तकनीकी बारीकियां समझने के लिए आज राजकीय पॉलिटेक्निक के इलेक्ट्रिकल विभाग के विद्यार्थी कानपुर मेट्रो के डिपो पहुंचे। विद्यार्थियों ने मेट्रो अधिकारियों से मेट्रो परिचालन के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद, सभी विद्यार्थी गुरुदेव मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां पर उन्होंने स्टेशन पर स्थित इलेक्ट्रिकल रूम का भी दौरा और फिर आईआईटी मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की।

पॉलिटेक्निक के इलेक्ट्रिकल विभाग के 43 विद्यार्थियों और 2 प्राध्यापकों का दल गुरुदेव चौराहे के निकट स्थित मेट्रो डिपो पहुंचा। शैक्षणिक भ्रमण की शुरुआत, डिपो में स्थित ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) से हुई। ओसीसी से ही मेट्रो कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाओं का संचालन एवं निगरानी की जाती है। यहां पर मेट्रो के ऑपरेशन्स विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किस तरह से एक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के माध्यम से 9 किमी. लंबे प्राथमिक सेक्शन (आईआईटी-मोतीझील) पर मेट्रो सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। सभी स्टेशन एवं ट्रेनें लगातार ओसीसी के साथ संपर्क में रहते हैं और ओसीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालन सुनिश्चित करते हैं।

ओसीसी के भ्रमण के बाद विद्यार्थी गुरुदेव मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां पर उन्हें ऑक्जिलरी सब स्टेशन (एएसएस) की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। मेट्रो स्टेशनों पर बने एएसएस रूम के जरिए ही स्टेशन पर लगे इलेक्ट्रिकल उपकरणों और ट्रेनों के संचालन के लिए ऊर्जा का वितरण (पावर डिस्ट्रीब्यूशन) किया जाता है। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि लखनपुर स्थित रिसीविंग सब स्टेशन (आरएसएस) से सभी स्टेशनों और डिपो में पावर सप्लाई पहुंचती है और इसके बाद विभिन्न सिस्टमों को जरूरत के हिसाब से पावर डिस्ट्रीब्यूट कर दी जाती है।

भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने गुरुदेव मेट्रो स्टेशन से आईआईटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। यात्रा के दौरान यूपी मेट्रो के ऑपरेशन्स स्टाफ द्वारा उन्हें मेट्रो ट्रेन के अत्याधुनिक फीचर्स के बारे में बताया गया। मेट्रो स्टाफ के सहयोगी व्यवहार से प्रभावित होकर विद्यार्थियों ने धन्यवाद प्रकट किया।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular