कानपुर(हि.स.)। अपनी माटी अपना देश अभियान के तहत केन्द्र सरकार के निर्देश प्रत्येक गांव में पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शिलाफलकम अभियान के तहत कानपुर में कुल 590 स्थानों पर शिलापट लगाए जाएंगे। सबसे अहम बात यह है कि सभी स्थानों पर लाल ग्रेनाइट पत्थर लगाया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को उपयुक्त श्रम रोजगार मनरेगा डीसी रमेश चन्द्र ने दी।
उन्होंने बताया कि पहला कार्यक्रम 9 अगस्त को शिलाफलकम का लोकार्पण प्रत्येक ग्राम -पंचायत एवं नगर पंचायत में किया जाएगा। मंगलवार को आदेश केन्द्र से आया कि सभी ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी स्कूल में लाल ग्रेनाइट पत्थर लगाया जाएगा। जिस गांव में शहीद नहीं होगा, उस गांव में सिर्फ प्रधानमंत्री का संदेश होगा।
पूरे जनपद में कुल 590 स्थानों पर शिलापट स्थापित किए जाएंगे। ऐसे समय में लाल ग्रेनाइट पत्थर मिलना मुश्किल हो गया है। शिलापट का लोकार्पण कानपुर के जिसमें ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान, सचिव, खण्ड विकास अधिकारी शामिल होंगे।
9 अगस्त को ही अमृत कलश हेतु मिट्टी का संग्रह एवं पंच प्रण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के साथ प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में माटी गीत का गायन होगा। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे।
इसी तरह 10 अगस्त को प्राथमिक विद्यालयों में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 11 अगस्त को विद्यालयों में वीरो की गाथा से संबंधित कहानियों का वाचन, पौध वितरण, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिट्टी के दिये एवं कलश का इंतजाम करने के साथ कई अन्य कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 12 अगस्त को युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, एनसीसी समेत अन्य सदस्यों द्वारा मिनी मैराथन का आयोजन करने के साथ ही अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह 13, 14,15,अगस्त तक पूरे देश को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत करने की तैयारी की जा रही है।
राम बहादुर/सियाराम
