Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर में हुक्का बारों के खिलाफ शनिवार से चलेगा अभियान

कानपुर में हुक्का बारों के खिलाफ शनिवार से चलेगा अभियान

कानपुर(हि.स.)। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ योगी सरकार बेहद सख्त है। जीरो टालरेंस नीति के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कानपुर पुलिस प्रशासन शहर में धड़ल्ले से संचालित अवैध हुक्का बार पर कड़ा प्रहार करने की तैयारी कर चुका है। इस मुहिम की शुरुआत शनिवार से की जाएगी।

जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी नगर ने सभी एसीएम के नेतृत्व में पुलिस विभाग, आबकारी एवं निगम अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। शनिवार से टीमें ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू करेंगी। यह अभियान अब बीच-बीच में चलता रहेगा। आबकारी विभाग के प्रदेश मुख्यालय ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया है कि अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं शराब की तस्करी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए।

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 में बार, कैफे, रेस्टोरेंट में हुक्के के प्रयोग पर रोक लगा दिया। इसके बावजूद हुक्का बार संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर शासन ने सभी जिलों के जिलाधिकारी को अभियान चलाकर बंदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। शहर में बेरोक-टोक हुक्का बार संचालित हो रहे हैं। अधिकतर युवाओं के मनोरंजन का हुक्का बार ठिकाने बन चुके हैं। नशे के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद बारों में हुक्का का धुआं उड़ता रहता है। हुक्का बारों में किशोर-किशारियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। बिना रोक-टोक उनको हुक्का परोसा जाता है। यह तब हो रहा है जब हुक्का बार पूरी तरह से प्रतिबंधित है। खुलेआम अवैध धंधा जारी है। नगर के स्वरूपनगर, कोहना, गोविंदनगर, चकेरी, कल्याणपुर समेत मॉलरोड पर हुक्का बार का अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी कहना है कि शहर में संचालित हो रहे हुक्का बार के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच के दौरान जिस भी स्थान एवं मकान में हुक्का बार संचालित हो रहे हैं तो उसके स्वामियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध नशे के इस कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के लिए गृह स्वामी के खिलाफ भी आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular