पारिवारिक कलह की बात आ रही सामने, पुलिस जांच कर कार्रवाई में जुटी
कानपुर (हि.स.)। जनपद के दक्षिण स्थित बर्रा थाना क्षेत्र में कोचिंग पढ़ाने वाले शिक्षक ने घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक के साथ छानबीन करते हुए साक्ष्य जुटाए। घटना के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा खाली खोखा के साथ बरामद किया है।
बर्रा के हेमंत विहार इलाके में रहने वाले रितेश द्विवेदी ट्यूशन टीचर थे। बुधवार को घर पर अचानक कमरे में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो लहुलूहान हालत में रितेश तड़प रहे थे। यह देखते ही पत्नी व परिवार के सदस्य घबरा गए और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जब तक परिजन रितेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाते तब तक दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एडीसीपी दक्षिण मनोज सोनकर, बर्रा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए और परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ के मुताबिक मृतक कोचिंग शिक्षक का पत्नी से तलाक हो चुका है और वह बेटी को लेकर अलग रहती है। तलाक के बाद बेटी से न मिलने दिए जाने पर वह परेशान रहते थे और इसके चलते ही उन्होंने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
एडीसीपी दक्षिण मनोज सोनकर ने बताया कि शिक्षक द्वारा घर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली गई है। शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि मृतक का पत्नी से कुछ विवाद चल रहा था उसको लेकर वह अवसादग्रस्त चल रहे थे। मौके से 315 बोर का तमंचा खोखा समेत मिला है। फॉरेंसिक के साथ साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।
