निर्मम हत्या की जानकारी पर पहुंची पुलिस छानबीन करते हुए हत्यारे की तलाश में जुटी
कानपुर (हि.स.)। घाटमपुर थानाक्षेत्र में बुजुर्ग चाय दुकानदार का किसी भारी चीज से सिर व चेहरा कुचल कर नृशंस हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब चाय पीने के लिए गांव का ग्रामीण पहुंचा। दुकान के पीछे रक्तरंजित शव देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए हत्यारे की तलाश शुरु कर दी है।
घाटमपुर के बगला गोपालपुर गांव में रहने वाले बलराम सचान (65) परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी कमलेश कुमारी, बेटा जसवंत हैं। बुजुर्ग जहानाबाद रोड स्थित शुभ रिसॉर्ट के सामने चाय का स्टाल लगाकर दुकानदारी करता था। बुधवार को गांव का शैलेंद्र सचान दुकान पर चाय पीने पहुंचा तो उसने चाय दुकानदार का खून से सना शव देखा तो उसके होश उड़ गए। मामले की सूचना उसने परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी पवन गौतम, प्रभारी निरीक्षक घाटमपुर धनेश प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और छानबीन की। जांच में प्रथम दृष्टया सिर व चेहरे को किसी भारी वस्तु से निर्ममता से कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक आउटर अष्टभुजा प्रसाद भी पहुंच गए और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटे जसवंत ने बताया कि बीती रात शुभ रिसॉर्ट में अखंड रामायण का समापन हुआ था। रात में वहां निमंत्रण चलता रहा। पिता भी रिसॉर्ट में लोगों के आने-जाने के चलते दुकान पर ही थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।
इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक आउटर अष्टभुजा प्रसाद ने बताया कि 21 जुलाई को घाटमपुर ग्राम बगला गोपाल जहानाबाद रोड पर सड़क के किनारे बुजुर्ग बलराम साचन मृत अवस्था में मिलने की परिजनों द्वारा सूचना दी गई थी। मेरे द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी भी एकत्र की गई है। घटना में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
