Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर में फर्जी दस्तावेज से लोन कराने वाला गैंग एसओजी ने दबोचा,...

कानपुर में फर्जी दस्तावेज से लोन कराने वाला गैंग एसओजी ने दबोचा, चार सदस्य गिरफ्तार

– 16 दोपहिया वाहन बरामद, अभियुक्तों ने कई वर्षों से अपराध करने की बात कबूली

– जांच व पूछताछ में कुछ बैंकों के कर्मचारियों के नाम भी आ सकते हैं सामने

कानपुर (हि.स.)। जनपद में दोपहिया वाहनों को लोन दिलाने के नाम पर पहले लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार करके वाहनों का लोन कराना, फिर उन्हें कम कीमत पर बेचने वाले जालसाज गिरोह का कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा किया है। फर्जीवाड़े करके बैंकों को चूना लगाने वाले पूरे गैंग को डीसीपी पश्चिम बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति की एसओजी टीम ने दबोचा है। गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 16 दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।

कम कीमत का देते थे लालच

डीसीपी पश्चिम ने शनिवार को पुलिस लाइन में फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन कराके वाहन लेने वाले गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जनपद में एक गैंग फर्जी नाम, पता से गाड़ियां फाईनेंस कराकर कम पैसों का लालच देकर लोगों को बेवकूफ बनाकर ठगी करता था। गैंग के 04 सदस्यों को पनकी इलाके में गैस प्लांट चौराहा इंडस्ट्रीयल एरिया से गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे व निशानदेही से 16 गाड़ियां (जिनमें 14 स्कूटी तथा 02 मो0सा0) बरामद की गयी।

अपराध करने का तरीका

डीसीपी पश्चिम ने बताा कि पकड़े गए अभियुक्त में से शुभम सिंह उर्फ कुनाल व आशीष द्विवेदी प्राइवेट बैंकों में फाइनेंस कराने का काम करते रहे हैं। शिवम मौर्या और अमन गुप्ता ग्राहकों को यह लालच देकर कि 90 हजार रूपये की गाड़ी 70 हजार रूपये में आन रोड आ जाएगी। इस लालच में ग्राहक फंस जाते थे और 70 हजार रूपये देकर गाड़ी प्राप्त कर लेते थे। योजना के तहत गाड़ी के पेपर बाद में दिए जाने की बात होती थी और ग्राहक की आईडी/आधार कार्ड को शिवम गुप्ता नामक व्यक्ति के कैफे/जन सेवा केन्द्र से एडिट कराकर फर्जी नाम पते से कागज तैयार कराकर दे देते थे।

बैंककर्मियों की मिलीभगत

70 हजार रूपये मे से 20 हजार रूपये डाउन पेमेंट देकर प्राइवेट बैंको से मिलीभगत करके बिना वेरिफिकेशन कराए किस्त बनवा देते थे। शुरू में तीन चार किस्त स्वयं जमा करके अपनी गुडविल बनाए रखते थे और उसके बाद पता तस्दीक न होने के कारण रिकवर करने वाले परेशान होकर रह जाते थे। ग्राहक से लिए शेष रूपये आपस में बांट लेते थे। इसी तरीके से इन लोगों ने जनता व बैंक के साथ फर्जी कागजात तैयार करके धोखा देते थे। कई सालों से यह फर्जीवाड़े का धन्धा कर रहे अभियुक्त अब तक दर्जनों लोगों को वाहन बेच चुके है और बैंको को लाखों का चूना लगा चुके हैं।

गिरफ्तार करने वाली टीम

उ0नि0 विनोद कुमार कुशवाहा थाना पनकी, उ0नि0 विक्रम सिंह प्रभारी स्वाट टीम पश्चिम जोन, उ0नि0 विपिन कुमार बघेल थाना पनकी, हे0का0 प्रेम नारायण पाण्डेय थाना पनकी, हे0का0 विष्णुपाल स्वाट टीम पश्चिम जोन, हे0का0 सैय्यद मोहम्मद इमरान स्वाट टीम पश्चिम जोन, का0 रवि कुमार थाना पनकी, का0 1404 विपिन कुमार थाना पनकी, का0 हरिमोहन स्वाट टीम पश्चिम जोन, का0 अनार सिंह स्वाट टीम पश्चिम जोन, का0 अवधेश कुमार स्वाट टीम पश्चिम जोन, का0 संजय सर्विलांस सैल स्वाट टीम पश्चिम जोन शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular