– परिवार के साथ त्योहार मनाकर छलके खुशी के आंसू
कानपुर (हि.स.)। रोजाना ड्यूटी और सिर्फ ड्यूटी, पुलिस की कुछ यही कहानी है। ऐसे में पुलिस कमिश्नरेट कानपुर में किये गए एक अनूठे प्रयोग ने पुलिसकर्मियों को अजब सा शुकून व राहत दी है। पहली बार दीपावली पर्व पर 10 प्रतिशत पुलिस कर्मियों को दो दिन का अवकाश दिया गया।
दरअसल नागरिकों की सुरक्षा में हर वक्त मुस्तैद और अपने परिवारों से दूर पुलिस चिड़चिड़ापन और तनाव से ग्रस्त हो जाती है। पुलिसकर्मियों को तनाव मुक्त करने के लिए, इस दीवाली पर कानपुर कमिश्नरेट के 10 प्रतिशत पुलिसकर्मियों को 02 दिन की छुट्टी दी गई। यह छुट्टी किसको मिलेगी यह भी स्वयं पुलिस कर्मियों ने तय किया।
इसके लिये 01 से 30 अक्टूबर तक पुलिस कर्मियों के लिये टर्न प्रतियोगिता रखी गई है। जिसमें जो पुलिस कर्मी अच्छे टर्न आउट में मिला उसको एक अंक दिया गया। इस तरह जिसने सर्वाधिक अंक अर्जित किये उसे दो दिन की छुट्टी का इनाम मिला।
उधर घरवालों संग वर्षो बाद त्योहार मनाने वाले पुलिसकर्मियों की आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। स्वजनों से मिलकर उनका मानसिक तनाव दूर हुआ और ड्यूटी के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।
154 पुलिसकर्मियों को मिला अवकाश
दीपावली पर्व पर पुलिसकर्मियों के बीच हुई छुट्टी पाओ प्रतियोगिता में पुलिस कमिश्नरेट के 154 पुलिसकर्मियों को अवकाश दिया गया। जिसमे सबसे ज्यादा 18 पुलिसकर्मियों को कल्याणपुर थाने से और सबसे कम फजलगंज और बदशाहीनाका थाने से एक-एक पुलिस कर्मी को अवकाश दिया गया।
