कानपुर(हि.स.)। पछुआ हवाएं लगातार मैदानी क्षेत्रों पर बर्फीली हवाएं लेकर आ रही हैं। इससे शुक्रवार को जिले का तापमान अधिकतम और न्यूनतम क्रमश: 12.2 और 3.2 डिगी सेल्सियस जा पहुंचा। तीन डिग्री तापमान पहुंचने से सिहरन वाली गलन बढ़ गई और लोग कंपकंपाते रहे। मौसम विभाग का कहना है कि अभी गलन भरी सर्दी बरकरार रहेगी।
शुक्रवार को सुबह कोहरा के साथ जबरदस्त गलन रही और इसके बाद हल्की धूप भी निकली, लेकिन कड़कड़ाती सर्दी से बहुत ज्यादा राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की वजह से दिन में खूब गलन ने सताया। धूप से राहत लेने के लिए घर से बाहर निकले लोगों को शीतलहर की वजह से लोई, मफलर, टोपी का सहारा लेना पड़ा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि जिले में अधिकतम तापमान 12.2 और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रात: काल व रात्रि के समय शीत लहर के साथ मध्यम से घना कोहरा सुबह शाम छाए रहने के आसार हैं। लेकिन दोपहर बाद धूप भी निकलने की पूरी संभावना है और सर्दी भी बनी रहेगी।
अजय सिंह
