Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : महिलाओं ने प्रापर्टी डीलर के शव को सड़क पर रख...

कानपुर : महिलाओं ने प्रापर्टी डीलर के शव को सड़क पर रख यातायात किया जाम

50 लाख रुपये के मुआवजे की उठी मांग, दोषियों पर हो कार्यवाही

कानपुर(हि.स.)। दबंगो और पुलिस से पीड़ित प्रापर्टी डीलर ने रविवार को बीच सड़क पर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, तो परिजनों ने सोमवार को सड़क पर शव रखकर यातायात जाम कर दिया। सड़क जाम करने में सबसे अधिक महिलाएं रहीं और शासन से 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की गई। इसके साथ ही दोषी दबंग और पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की भी मांग की गई।

श्याम नगर के चाणक्य पुरी में रहने वाले 55 वर्षीय प्रापर्टी डीलर ईश्वर चन्द्र दीक्षित ने रविवार को चकेरी थाना क्षेत्र के छप्पन भोग चौराहा श्याम नगर के पास खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। 70 फीसद जल चुके ईश्वर चन्द्र को लोगों ने इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत से पहले उसने मजिस्ट्रेट बयान में पुलिस वालों और दबंग जितेंद्र गौड़ और घनश्याम दीक्षित को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। मौत के बाद सोमवार को परिजन और उसके परिचित लोग शव को श्याम नगर चौराहे पर रखकर यातायात जाम कर दिये।

महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाई ताकि कोई भी वाहन न निकल सके। मांग की गई कि 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाये और आरोपित दबंगों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाये।

आरोपियों की चकेरी पुलिस से थी सांठ गांठ

पीड़ित पत्नी रानी ने बताया कि पति ने सुनीता वर्मा से 2017 में बिधनू के गंगापुर में करीब 40 लाख रुपये का 200 गज का प्लाट खरीदा था। बीती 15 अक्टूबर को दशहरे के दिन पति परिवार के साथ प्लाट में पूजन कर बाउंड्रीवाल करवाने गए थे। मगर वहां दबंग जितेंद्र गौड़ और घनश्याम दीक्षित नाम के दो व्यक्ति पुलिस को लेकर आ गए। खुद का प्लाट होने की बात कहकर मारपीट शुरू कर दी। मृतक की पत्नी का आरोप है कि शिकायत लेकर पति न्यू आजाद नगर चौकी पहुंचे, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। बिधनू थाने में करीब चार से छह चक्कर लगाए, पर वहां भी कोई एक्शन नहीं लिया गया। आरोप है कि उल्टा पति को ही डांटकर पुलिस ने भगा दिया। इससे वो तनाव में आ गए।

पुलिस का कहना

चकेरी थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि जमीनी विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को आग लगाई थी। मामले की जांच की जा रही है। एडीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि परिजनों ने जीतेन्द्र गौड़ और घनश्याम दीक्षित पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पत्नी ने कहा कि मेरा सुहाग उजड़ गया और बेटियां अनाथ हो गईं।

RELATED ARTICLES

Most Popular