Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर मण्डल में 15 जून तक बरकरार रहेगी भीषण गर्मी

कानपुर मण्डल में 15 जून तक बरकरार रहेगी भीषण गर्मी

कानपुर (हि.स.)। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में सप्ताहांत में अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की कमी आएगी, लेकिन 15 जून तक कानपुर मण्डल में कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। यह बातें शनिवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस0 एन0 सुनील पाण्डेय ने कही।

बताया कि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान और इससे सटे इलाकों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से बिहार और उप हिमालय पश्चिम बंगाल होते हुए असम तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से लेकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक उत्तरी आंध्र प्रदेश तट तक फैली हुई है। दक्षिण कोंकण और गोवा के पास पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।

बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान, पूरे कोंकण क्षेत्र में मध्य महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, पूरे कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 12 या 13 जून तक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और कानपुर मण्डल सहित उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 48 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 14 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 4.1 किमी प्रति घंटा रही। अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के साथ गर्मी, लू, उमस बने रहने के आसार हैं।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular