Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : मकान कब्जा कराने में पूरी चौकी लाइन हाजिर, विभागीय जांच...

कानपुर : मकान कब्जा कराने में पूरी चौकी लाइन हाजिर, विभागीय जांच शुरू

— डीसीपी के आदेश पर एडीसीपी की जांच रिपोर्ट में पुलिस कर्मियों की संलिप्तता मिली

— चौकी प्रभारी समेत तीन एसआई व 11 कांस्टेबल समेत 14 पुलिस कर्मियों पर विभागीय जांच के शुरू

कानपुर (हि.स.)। कानपुर कमिश्नरेट के दक्षिण जोन में चौकी इंचार्ज के साथ पूरी चौकी को डीसीपी दक्षिण ने लाइन हाजिर कर दिया। बर्रा थाना के यादव मार्केट चौकी इंचार्ज समेत तीन एसआई व 11 कांस्टेबल पर एक साथ कार्यवाही से जनपद के पुलिस कर्मियों में हड़कम्प मच गया है। यह कार्रवाई मकान पर जबरन कब्जा कराने के मामले में की गई है। वहीं सभी पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

दरअसल, बर्रा निवासी महादेव ने अपना मकान बेचने के लिए वर्ष 2014 में उमराव से 35 लाख रुपये में सौदा किया था। इसके बदले में उमराव ने दस लाख रुपये और आठ लाख रुपये मूल्य के दो प्लाटों की रजिस्ट्री महादेव के नाम कर दी थी। वहीं, महादेव ने अपने मकान की रजिस्ट्री उमराव के नाम कर दी थी। लेकिन दोनों के बीच हुए सौदे में पूरा पैसा न मिलने पर महादेव ने अपने मकान पर कब्जा नहीं छोड़ा। इस पर उमराव ने अपने प्लाटों की रजिस्ट्री फर्जी बताते हुए महादेव पर सिविल वाद दाखिल कर दिया।

इसके साथ ही उमराव ने कोर्ट को गलत तथ्यों के साथ जानकारी देते हुए महादेव के मकान पर भी उसका ही कब्जा होने की बात दर्शा दी। इस पर कोर्ट ने उमराव के हक में फैसला दिया। इस प्रकरण की पुलिस को पूरी वास्तविकता की जानकारी थी, बावजूद कोर्ट के आदेश का हवाला देकर यादव मार्केट पुलिस चौकी प्रभारी आशीष कुमार मिश्रा व चौकी के पुलिस कर्मियों ने महादेव के मकान पर उमराव का कब्जा कराते हुए उसे जबरन बेघर कर दिया। यहीं नहीं चौकी इंचार्ज ने महादेव पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर उसे परेशान करना शुरू कर दिया।

पीड़ित महादेव मामले को लेकर डीसीपी दक्षिण रवीना त्यागी से मिला और प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ न्याय की गुहार लगाई। इस पर डीसीपी ने एडीसीपी मनोज सोनकर से प्रकरण की जांच कराई। जांच में चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों को गलत पाया गया। जिसकी रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी यादव मार्केट सहित पूरी चौकी को लाइन हाजिर कर दिया गया। पूरी चौकी के लाइन हाजिर होते ही शहर पुलिस में हड़कम्प मच गया।

यह हुए लाइन हाजिर

जबरन मकान कब्जा कराने के मामले में बर्रा थाना की यादव मार्केट चौकी प्रभारी आशीष कुमार मिश्रा, दारोगा राहुल कुमार गौतम, दारोगा जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार, कमलापति, प्रदीप कुमार, शिवप्रताप सिंह और सिपाही लोकेश कुमार, नवनीत राजपूत, अश्वनी कुमार, भूपेंद्र दीक्षित, नागेंद्र सिंह चौहान, अतुल कुमार और जितेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया है। इन सभी के खिलाफ विभागीज जांच भी कराई जा रही है।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular