Saturday, February 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : मंगलामुखी बहनें करेंगी अजन्मी बेटियों के लिए तर्पण व पिंडदान

कानपुर : मंगलामुखी बहनें करेंगी अजन्मी बेटियों के लिए तर्पण व पिंडदान

26 सितम्बर को सरसैया घाट पर आयोजित होगा कार्यक्रम, मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना रहेंगे मौजूद

कानपुर (हि.स.)। जनपद की युग दधीचि देहदान संस्था हर साल पितृपक्ष में महिलाओं द्वारा महा तर्पण कार्यक्रम का आयोजन करती है। इस बार यह कार्यक्रम एक अनूठी पहल के साथ किया जाएगा, जिसमें अजन्मी बेटियों के लिए मंगलामुखी बहनें तर्पण व पिंडदान करेंगी।

कार्यक्रम के आयोजक मनोज सेंगर ने यह जानकारी गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि कानपुर महानगर में पहली बार मंगलामुखी समाज तर्पण व पिंडदान करेगा। उन्होंने बताया कि समाज के इस उपयोगी परंतु उपेक्षित वर्ग को मुख्य धारा में लाने का यह संस्था के द्वारा एक प्रयास भी होगा।

महा तर्पण में अजन्मी बेटियों के साथ-साथ कोरोना से दिवंगत हुए लोगों के लिए भी तर्पण व जलदान किया जाएगा। इसके साथ ही अमर शहीदों व दिवंगत देहदानियों के लिए भी माताएं पिंडदान करेंगी।

सरसैया घाट पर 26 सितम्बर को होगा महा तर्पण

युग दधीचि देहदान संस्था के आयोजक मनोज सेंगर ने पत्रकारों को बताया कि, यह कार्यक्रम 26 सितम्बर को सरसैया घाट पर किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण और किन्नर महासभा के राष्ट्रीय महासचिव काजल किरन अपने साथियों के साथ मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही मुख्य पूजन में अटल बिहारी बाजपेई की पौत्री नंदिता व दामाद सुमित मिश्रा शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular