कानपुर(हि.स.)। बेकनगंज थाना क्षेत्र में हुए बवाल मामले में 26 पन्ने की एफआईआर में 36 लोगों को नामजद किया गया है। इसके साथ एक हजार से अधिक लोगों को अज्ञात में रखा गया है। नामजद लोगों में प्रमुख नाम हयात जफर हाशमी का है जिसने बाजार बंद का एलान किया था।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। उपद्रवियों ने कई घंटे तक बवाल किया था, पत्थरबाजी से लेकर बमबाजी भी हुई थी। बवाल को लेकर तीन एफआईआर दर्ज कराई गई हैं, जिसमें दो पुलिस की ओर से है और एक पीड़ित लोगों की ओर से है। बेकनगंज थाना प्रभारी नवाब अहमद ने 26 पन्नों की दर्ज एफआईआर में 36 लोगों को नामजद किया है। इसमें जौहर फैन्स एसोएिशन के अध्यक्ष हयात जफर हाशमी प्रमुख है। पुलिस की दूसरी और लोगों के द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में करीब एक हजार से अधिक लोग अज्ञात में हैं। पुलिस अज्ञात उपद्रवियों को चिन्हित करने के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मीडिया से भी फुटेज मांगे गये हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस जल्द ही अज्ञात उपद्रवियों को गिरफ्तार करेगी।
महमूद
