Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर बवाल : मास्टर माइंड की पत्नी ने कोर्ट से लगाई गुहार,...

कानपुर बवाल : मास्टर माइंड की पत्नी ने कोर्ट से लगाई गुहार, पति की जानकारी नहीं दे रही पुलिस

सूत्रों के अनुसार मास्टर माइंड को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

कानपुर(हि.स.)। कानपुर बवाल मामले में मास्टर माइंड हयात जफर हाशमी की पत्नी ने कोर्ट से गुहार लगाई है। उसने कहा कि पति लापता हैं और पुलिस कुछ भी जानकारी देने से मना कर रही है। इससे अनहोनी की आशंका भी हो रही है और मामले में कोर्ट हस्तक्षेप करे। यह भी आरोप लगाया कि पति की लोकप्रियता को खत्म करने के लिए पुलिस उन्हे फंसाने पर आमादा है।

बेकनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बाजार बंद को लेकर दो समुदाय आमने सामने आ गये थे। पत्थरबाजी से लेकर बमबाजी हुई और दर्जनों लोग घायल हुए थे। जांच में जुटी पुलिस ने अब तक 40 उपद्रवियों की गिरफ्तारी की है, लेकिन अब तक पुलिस यह नहीं स्पष्ट कर पा रही है कि बवाल का मास्टर माइंड पकड़ा गया है कि नहीं। इसी बीच शनिवार को मास्टर माइंड हयात जफर हाशमी की पत्नी जारा जफर हाशमी सीएमएम कोर्ट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उसने कोर्ट को दिये गये प्रार्थना पत्र में कहा कि मेरे पति शुक्रवार से लापता हैं और पुलिस उनके विषय में कुछ भी नहीं बता रही है। इससे अनहोनी की भी आशंका हो रही है और पुलिस यह बताए कि पति को गिरफ्तार किया है या नहीं। उसने यह भी आरोप लगाया कि मेरे पति पूरी तरह से निर्दोष हैं और उनकी लोकप्रियता को देखकर पुलिस षडयंत्र के तहत फंसाना चाहती है। उसने मामले को लेकर कोर्ट से हस्तक्षेप करने की मांग की।

वहीं पुलिस के सूत्र बता रहे हैं कि हयात जफर हाशमी को एसटीएफ ने रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर पूंछतांछ की जा रही है, लेकिन पुलिस के अधिकारी अभी अधिकारिक रुप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

बाजार बंदी का फैसला लिया था वापस

हयात जफर हाशमी की पत्नी ने बताया कि भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद साहब पर अभद्र टिप्पणी की थी। जिसके विरोध में पति ने तीन जून को बाजार बंद करने का एलान किया था, लेकिन तीन जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शहर में होने के चलते पति ने अपना फैसला वापस ले लिया था। यही नहीं पति ने सोशल मीडिया में प्रचारित किया था कि तीन जून को होने वाला बंद पांच जून को होगा। इसके प्रचार प्रसार के लिए बाजारों में पोस्टर भी लगाए गये थे और पुलिस के अधिकारियों को लिखित में भी दिया गया था।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular