Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : फैक्ट्री कर्मियों से भरी बस हुई अनियंत्रित, पलटने से कई...

कानपुर : फैक्ट्री कर्मियों से भरी बस हुई अनियंत्रित, पलटने से कई लोग घायल

कानपुर (हि.स.)। सचेंडी थाना क्षेत्र में सोमवार को फैक्ट्री कर्मियों से भरी बस किसान नगर के पास अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में कई लोग घायल हो गये और यह सभी लोग सुबह की शिफ्ट में रनियां स्थित फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे। बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, मामूली घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। बस को क्रेन से सीधा कराने के बाद हाईवे के किनारे कराया है।

कानपुर देहात के रनियां स्थित फ्रंटियर स्प्रिंग कंपनी की बस सोमवार सुबह जनरल शिफ्ट के करीब 20 कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। बस अभी किसान नगर ही पहुंची थी कि हाईवे पर बने नहर पुल पर चालक ने बस से संतुलन खो दिया। इससे अनियंत्रित हुई बस डिवाइडर से टकरा गई और हाईवे पर पलट गई और बस चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद दबे कर्मियों में चीख पुकार मच गई और लोग हादसा देखकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बस में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामूली घायलों का प्राथमिक उपचार कराया, घटना में किसी भी कर्मचारी को ज्यादा चोट नहीं आई। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हाईवे के किनारे कराया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान करीब एक घंटा तक जाम लगा रहा। सचेंडी थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और चालक का पता किया जा रहा है। फिलहाल बस को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular