– सभी ठेकेदारों की एफडी का बैंक से होगा सत्यापन
– नगर निगम के ठेकेदारों पर अधिकारी हुए सख्त
कानपुर (हि.स.)। नगर निगम में टेंडर ले रहे ठेकेदारों ने एफडी जमा करने में ही खेल कर दिया। इसकी जानकारी जब अधिकारियों को पहुंची कि ठेकेदारों ने फर्जी एफडी जमा की है तो ठेकेदारों के खिलाफ जांच बैठा दी गई। हालांकि कुछ ठेकेदार बाबुओं से सेटिंग करके सही एफडी जमा कराने में जुटे हुए हैं।
कानपुर नगर निगम में ठेकेदारों की फर्जी एफडी नगर निगम में जमा करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अभी हाल ही में नगर निगम ने 40 करोड़ रुपये के टेंडर निकाले थे। जिसमें कई ठेकेदारों ने टेंडर लेने के लिए फर्जी एफडी लगा दी। जब इसका खुलासा हुआ तो ठेकेदारों ने नगर निगम के बाबुओं से मिलकर फर्जी एफडी बदल कर असली एफडी लगाने का प्रयास कर रहे हैं। जब नगर निगम के अधिकारी एस के सिंह से एफडी के खेल के बारे में पूछा गया तो, बताया कि सभी ठेकेदारों की एफडी का सत्यापन की जांच शुरू करा दी गई है। जिन ठेकेदारों की एफडी में घोटाला पाया जाएगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैक लिस्ट कर दिया जायगा। वह भविष्य में नगर निगम से कोई टेंडर न ले पाएंगे।
महमूद
