Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचा मानसून, झमाझम बारिश से गिरा...

कानपुर : पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचा मानसून, झमाझम बारिश से गिरा तापमान

— रविवार की रात कानपुर मण्डल में मानूसनी बारिश होने की संभावना

कानपुर (हि.स.)। आखिरकार उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों का जिस घड़ी का इंतजार था अब वह खत्म हो गया और मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दिया। मानसून की पहली झमाझम बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई और मौसम सुहाना हो गया। हालांकि कानपुर परिक्षेत्र में रविवार को दिन में बारिश नहीं हुई, पर मौसम विभाग के अनुसार देर रात तक मानसूनी बारिश होगी। 
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि बंगाल की उत्तरी खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में मानसून पहुंच गया है। कुछ इलाकों में झमाझम बारिश भी शुरु भी हो गई है। गुजरात, मध्य प्रदेश और पूरे छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। बताया कि बंगाल की खाड़ी में उत्तर पश्चिम की तरफ कम दबाव का क्षेत्र बनने से देश के कई राज्यों में मानसून समय से पहले पहुंच गया है। उड़ीसा और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है तो वहीं अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य भारत तक पहुंच चुका मानसून देश के उत्तरी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके अगले दो दिनों में पूरे उत्तरी भारत में आने की संभावना है।15 दिन पहले पहुंच रहा मानसून
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि उत्तर भारत में मानसून इस बार 15 दिन पहले पहुंच रहा है। मौसम विभाग की माने तो अनुकूल मौसमी परिस्थितियों की वजह से दक्षिण पश्चिमी मानसून के पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज़िलों और कानपुर सहित 13 जून की रात या 14 जून को पहुंचने की उमीद है। अगले 4-5 दिन में दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छाने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि इस साल पूरे देश में जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून से सामान्य बारिश की संभावना है। बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहे हैं और हवाओं की दिशाएं उत्तरी पूर्वी हैं, जिनकी रफ्तार 5.5 किमी प्रति घंटा रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular