— मैसेज में पीएम, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री समेत देश की प्रमुख हस्तियों को बताया टारगेट
— पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से आतंकी धमकी मिलने की शिकायत कर मांगी सुरक्षा
कानपुर (हि.स.)। उप्र में इन दिनों आतंकी संगठनों से जुड़े आतंकियों की धरपकड़ के बीच एक और बड़ी साजिश व धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पाकिस्तान से कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के जनसम्पर्क अधिकारी को जान से मारने का आतंकी भरा मैसेज वॉट्सएप पर आया है। धमकी भरा मैसेज भेजने वाले ने देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) को भी टारगेट किए जाने की बात कही है।
योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के जनसंपर्क अधिकारी और भाजपा दक्षिण के पूर्व महामंत्री राकेश तिवारी को वॉट्सएप से एक धमकी भरा मैसेज आया है। धमकी भरा मैसेज आने के मामले में कैबिनेट मंत्री के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि देर रात 11 बजकर 20 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अनजान नम्बर से वॉट्सएप मैसेज आया। यह नम्बर पाकिस्तान का है और 923156267120 नम्बर से भेजा गया। उनका कहना है कि मैसेज भेजने वाले ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, मेजर रिटायर्ड गौरव आर्या के साथ उन्हें भी टारगेट बताया है और धमकी दी गई। इसके साथ सेना प्रमुख, रॉ हेडक्वार्टर, आरएसएस और भाजपा के सदस्य भी निशाने पर होने की धमकी दी गई।
राकेश तिवारी ने बताया कि मैसेज आने के बाद एक मिस्ड वॉइस कॉल भी आयी। धमकी भरा यह मैसेज आने के बाद हड़कम्प मच गया है। कैबिनेट मंत्री के पीआरओ ने मामले में पुलिस आयुक्त असीम अरूण से शुक्रवार को मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देने के साथ पूरे मामले की जानकारी दी गई है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से सुरक्षा देने की भी मांग की गई है।
