बीडीओ करेंगे शपथ ग्रहण की व्यवस्था, नोडल अधिकारी नियमावली का कराएंगे पालन
कानपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब क्षेत्र प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण बचा हुआ है। शासनादेश के मुताबिक मंगलवार को दोनों पदों का शपथ ग्रहण होना है। इसको लेकर जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि पंचायत नियमावली का पालन कर क्षेत्र प्रमुख और सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया जाए। बताया कि जनपद में 10 ब्लॉक में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, पंचायती राज उ0प्र0 शासन लखनऊ द्वारा निर्गत आदेशों के क्रम में जनपद की सभी 10 ब्लॉकों में क्षेत्र प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण मंगलवार को सुनिश्चित होना तय हुआ है। उसी दिन क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक आयोजित की जाएगी। बताया कि जनपद के समस्त विकास खण्डों में नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जिसमें परगनाधिकारी सदर को कल्याणपुर, जिला प्रोबेशन अधिकारी को बिधनू, परगनाधिकारी नर्वल को सरसौल, परगनाधिकारी घाटमपुर को घाटमपुर, जिला विकास अधिकारी को पतारा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भीतरगांव, परगनाधिकारी बिल्हौर को बिल्हौर, सहायक निबन्धक, सहकारी समितियां को ककवन, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को शिवराजपुर तथा जिला उद्यान अधिकारी को चौबेपुर विकास खण्ड का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बताया कि नामित नोडल अधिकारीगण सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए शासनादेश में उल्लिखित निर्देशों का समयबद्ध ढंग से अनुपालन कराये जाने के लिए उत्तरदायी बनाये गये है। निर्गत अधिसूचना के अनुसार नवनिर्वाचित प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत, सदस्यों व अन्य नामित जनप्रतिनिधिगणों को ससमय शपथ ग्रहण के सम्बन्ध में सूचित किये जाने एवं समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराये जाने का उत्तरदायित्व सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी का होगा। कार्यक्रम में समय-समय पर निर्गत कोविड प्रोटोकाल सम्बन्धी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने का उत्तरदायित्व नामित नोडल अधिकारीगण एवं सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी का होगा।
