बिजली की खपत कम करने के लिए 42 लाख की लागत से लगाया गया प्लांट, महापौर ने किया शुभारंभ
कानपुर (हि.स.)। कानपुर नगर निगम में गर्मी के दिनों में रोजाना 200 किलोवॉट बिजली की खपत होती है। वैसे आम दिनों में 100 किलोवॉट बिजली प्रयोग में लाई जाती है और इसका बिल लगभग 10 लाख रुपये महीना है। इसको लेकर अब नगर निगम बचत की ओर बढ़ गया और 42 लाख रुपये की लागत का 100 किलोवॉट का सोलर प्लांट स्थापित हो गया। इससे अब खासकर आम दिनों में बिजली का बिल न के बराबर लगेगा और गर्मियों के दिनों में भी बिल में कमी आएगी।
कानपुर नगर निगम अब पूरी तरह सोलर एनर्जी से रोशन होगा। 100 किलोवॉट का सोलर प्लांट का महापौर प्रमिला पाण्डेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को शुभारंभ कर दिया। इसे यूपीनेडा (उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी) ने प्लांट को 42 लाख रुपए लागत से तैयार किया है। इससे अब बिजली का संकट नहीं होगा और निर्वाध रुप से बिजली संचालित होगी। वहीं पहले बिजली जाने पर जनरेटर व्यवास्था भी सुचारु न होने से बिजली का संकट रहता है। इस बिजली संकट को दूर करने के लिये महापौर प्रमिला पांडेय ने 14वें वित्त आयोग से परिसर मे सोलर प्लांट लगाने के लिये 42 लाख रुपये की धनराशि पास करायी। आज इस सोलर प्लांट का महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिव शरणप्पा ने फीटा काट कर उद्धाटन किया। इस दौरान महापौर ने बताया कि सोलर प्लांट से रोजाना हो रही बिजली खपत मे लगभग 100 किलोवॉट की कमी आयेगी और बिजली बिल भी कम आयेगा।
42 लाख के प्लांट की लागत चार महीने में होगी पूरी
नगर निगम लाइटिंग विभाग प्रभारी आरके पाल के मुताबिक नगर निगम मुख्यालय में हर महीने बिजली का खर्च लगभग साढ़े 10 लाख रुपए का है। इस पैसे को जोड़े तो 04 महीने में लगभग 42 लाख रुपए होते हैं और प्लांट का खर्च भी 42 लाख रुपए है। 04 महीने में लागत निकलने के बाद नगर निगम को हर महीने साढ़े 10 लाख रुपए की बिजली खर्च की बचत होगी। अगले 1 साल में 1.20 करोड़ रुपए की बचत नगर निगम को हर महीने होगी।
