Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर नगर निगम चुनाव में करीब 22 लाख मतदाता करेंगे मतदान

कानपुर नगर निगम चुनाव में करीब 22 लाख मतदाता करेंगे मतदान

दो नगर पालिका और दो नगर पंचायत में हैं करीब 67 हजार मतदाता

कानपुर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव की दुंदुभी जल्द बजने वाली है और निर्वाचन विभाग ने भी मतदाता सूची तैयार कर जारी कर दी है। हालांकि अन्तिम मतदाता सूची 18 नवम्बर को आएगी। नगर निगम के लिए करीब 22 लाख मतदाता मतदान कर सकेंगे। इसके साथ ही जनपद के दो नगर पालिका और दो नगर पंचायतों के लिए करीब 67 हजार मतदाता अध्यक्षों को चुनेंगे।

नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। खासकर, सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने कई माह पहले ही रणनीति बनाना तेज कर दिया था। इसके पीछे कारण यह भी है कि नगर निकाय चुनाव में सदैव भाजपा आगे रही है। एक बार फिर चुनाव नजदीक आ गया है और राजनीतिक पार्टियों की तैयारियों के साथ ही निर्वाचन विभाग भी नवीनतम मतदाता सूची को लेकर सजग है। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने मंगलवार को बताया कि नगर निकाय के लिए मतदाता सूची तैयार कर जारी कर दी गई है और अन्तिम सूची 18 नवम्बर को जारी की जाएगी। इस दौरान शहरवासी एक से सात नवम्बर तक दावा व आपत्ति मतदान केंद्रों में दाखिल कर सकते हैं। मतदाता केंद्रों में सूची रखवा दी गई है। दावा व आपत्ति दाखिल होने के बाद उन्हें निस्तारित करते हुए फाइनल सूची जारी की जाएगी।

बताया कि फिलहाल जारी सूची के अनुसार नगर निगम के साथ दो नगर पालिका और दो नगर पंचायतों के लिए जनपद में 83,527 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। वहीं 1,29,444 मतदाता बढ़ गए। इस प्रकार पिछले चुनाव की अपेक्षा कुल 45911 मतदाता बढ़े हैं। इसमें 43355 नगर निगम के लिए मतदाता बढ़े हैं। बिल्हौर एवं घाटमपुर नगर पालिका के साथ शिवराजपुर एवं बिठूर नगर पंचायत के लिए क्रमश: 757, 958, 447 और 402 मतदाता बढ़े हैं। इसके साथ ही वेबसाइट SEC.UP.NIC.IN पर नए मतदाता ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एक नजर में मतदाता सूची

निकाय का नाम- पिछले चुनाव के मतदाता – अब कुल मतदाता

कानपुर नगर निगम- 21,35,072 – 21,78,427

नगर पालिका बिल्हौर- 15,838 – 16,593

नगर पालिका घाटमपुर- 32,174 – 33,132

नगर पंचायत शिवराजपुर- 8,609 – 9,056

नगर पंचायत बिठूर- 8,550 – 8,952

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular