युवक को खोजने में जुटी एसडीआरएफ और जल पुलिस
कानपुर (हि.स.)। मानसूनी बारिश के साथ तेज धूप से उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए एक युवक दोस्तों संग नदी में नहाने गया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जानकारी पर एसडीआरफ और जल पुलिस युवक की तलाश में जुट गई।
साढ़ थाना क्षेत्र के अमौर निवासी बाबू सिंह का 18 वर्षीय बेटा बृजेश सिंह अपने गांव के ही दोस्त सुमित और आनंद के साथ शनिवार को पाण्डु नदी में नहाने गया। तीनों उमस भरी गर्मी में नदी में स्नान का लुफ्त उठा रहे थे। इसी दौरान बृजेश सिंह गहरे पानी में पहुंच गया और बहने लगा। यह देख दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किये, लेकिन वह खुद नदी के तेज बहाव में फंसने लगे तो नदी के किनारे पहुंचकर मदद के लिए खेतों में काम कर रहे लोगों को आवाज दी। क्षेत्रीय लोगों ने युवक की खोज के लिए नदी में छलांग लगा दी और कुछ लोगों ने उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम युवक की तलाश में नदी में जुट गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक को एसडीआरएफ की टीम तलाश नहीं पायी और परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
