Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कानपुर देहात प्रकरण : बिठूर में मां-बेटी का अंतिम संस्कार

 कानपुर देहात प्रकरण : बिठूर में मां-बेटी का अंतिम संस्कार

कानपुर देहात(हि.स.)। जनपद में सोमवार को हुए अग्निकांड में हुई मां-बेटी की मौत के बाद बुधवार को उनका अंतिम संस्कार होने जा रहा है। शवों का पहले घटना की जगह अंतिम संस्कार होना था लेकिन बाद में स्थान बदलते हुए अब कानपुर के बिठूर घाट में कड़ी सुरक्षा के साथ ले जाया गया है।

दो दिन पूर्व सोमवार को कानपुर देहात के रूरा थानाक्षेत्र में आने वाले मड़ौली गांव में उप जिलाधिकारी मैथा एक अवैध कब्जे को हटाने गए थे। प्रशासन ने बताया कि कृष्ण गोपाल ग्राम समाज की जगह पर कब्जा किया गया है। जिस घर को गिराया जा रहा था वो लोग मौके पर प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने खुद को आग लगाने की धमकी भी दी थी। जिस दौरान जेसीबी से घर को गिराया जा रहा था। छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर कृष्ण गोपाल की पत्नी और बेटी की उसी में जलकर मौत हो गई थी।

घटना देख ग्रामीणों ने वहां पर खड़ी प्रशासनिक टीम को मौके से खदेड़ दिया। 24 घण्टे बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से बात करने के बाद परिजनों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया था। मंगलवार को देर रात कड़ी सुरक्षा में डाक्टरों के पैनल के माध्यम से शवों का पोस्टमार्टम हुआ था। उसके बाद दोनों शवों को गांव भेज दिया गया था।

परिजनों के मुताबिक पहले शवों का अंतिम संस्कार वहीं होना था, जहां पर उनकी जलकर मौत हुई थी। बुधवार सुबह तक उनके निर्णय में परिवर्तन हो गया और फिर शवों को कड़ी सुरक्षा में कानपुर के बिठूर घाट में अंतिम संस्कार के लिए रवाना कर दिया गया। शवों को बिठूर ले जाने के लिए जनपद और कानपुर जोन के आलाधिकारी भी पहुंच गए हैं।

अवनीश

RELATED ARTICLES

Most Popular