जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ने के लिए गांव-गांव शुरु किया ग्रामीणों से सम्पर्क
अवनीश अवस्थी
कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। गांव-गांव प्रत्याशियों ने अपना जनसंपर्क अभियान शुरू करके तेज भी कर दिया है। सभी को बस पंचायत चुनाव की आने वाली तिथियों का इंतजार है। आरक्षण आने के बाद गहमा-गहमी भी जनपद में देखने को साफ मिल रही है।
रसूलाबाद जिला पंचायत में विकास कार्यों और समाज सेवा से अपनी पहचान बनाने वाले निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य पंडित सुंदरलाल पांडेय की पौत्री, शिक्षक व समाजसेवी सुधीर पांडेय की पुत्री प्रज्ञा पांडेय रसूलाबाद प्रथम से जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ेंगी। यह जानकारी उनके बाबा पंडित सुंदरलाल पांडेय ने मीडिया को दी।
पिछली बार के जिला पंचायत सदस्य में पंडित सुंदरलाल पांडेय ने तमाम प्रत्याशियों के छक्के छुड़ा दिए थे और रसूलाबाद प्रथम से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। तब से अब तक उन्होंने भरपूर विकास कार्य कराए और जनता में खासे लोकप्रिय हैं। इस बार उनकी पौत्री प्रज्ञा पांडेय रसूलाबाद प्रथम से प्रत्याशी होंगी। जिसके बाद से अब उनके जनसम्पर्क अभियान में तेजी आ गई है। समाजसेवी व शिक्षक सुधीर पांडेय की पुत्री प्रज्ञा पांडेय के चुनाव में सबसे ज्यादा खास बात यह रहेगी कि वह अपने गांव सजावारपुर व जोत ग्राम पंचायत से सबसे ज्यादा मजबूती लेकर आगे आएंगी।
21 वर्षीय प्रज्ञा ने अपना स्नातक पूरा कर लिया है। लोगों का मानना है कि नई उम्मीद वार का आसपास के सभी गांव में उनका शत प्रतिशत पर प्रभाव रहेगा। समाज सेवा में सक्रिय भूमिका, जनता से नियमित लगाव होने के चलते सुंदरलाल पांडेय मतदाताओं की पहली पसंद बने हैं। उनकी नातिन प्रज्ञा पांडेय भी बाबा के नक्शे कदम पर चलकर चुनावी मैदान में जीत का परचम लहरा सकती हैं। फिलहाल सभी लोग आरक्षण के बाद अब नामांकन तिथि का इंतजार कर रहे हैं।
