Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर देहात की घटना पर ब्राह्मण महासभा ने जताया आक्रोश

कानपुर देहात की घटना पर ब्राह्मण महासभा ने जताया आक्रोश

– कानपुर देहात के अग्निकांड मामले पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन

फतेहपुर(हि.स.)। जिले में सोमवार को कानपुर देहात में अग्निकांड की घटना में मां-बेटी की मौत के मामले में ब्राह्मण समाज ने आक्रोश व्यक्त किया है। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के बैनर तले घटना के विरोध में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग करते हुए मृतक परिजनों के लिए न्याय की मांग की है।

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा) के पदाधिकारियों व सदस्यों ने जिलाध्यक्ष आशीष त्रिपाठी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी श्रुति को सौंपा।ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि कानपुर देहात के रूरा क़स्बा स्थित एक गरीब ब्राह्मण परिवार पर योगी सरकार का बुलडोजर ऐसा गरजा की आग की चपेट में आकर मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि आग बुझाने के चक्कर में गृहस्वामी भी बुरी तरह झुलस गया था। इस घटना के बाद से जहां प्रदेश की योगी सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है, वहीं इस मामले में सरकार द्वारा ठोस कार्यवाही न किए जाने से ब्राह्मण समाज में आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि ज्ञापन में संगठन के लोगों ने मांग की है कि कानपुर देहात में घटित लोमहर्षक घटना के दोषी अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाए और जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के सात तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। पीड़ित ब्राह्मण परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ सरकारी मुआवजा व दस बीघा जमीन दी जाए।

साथ ही जौनपुर जनपद में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी पर हुए प्राणघातक हमले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई। संगठन के लोगों का कहना है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती और ब्राह्मण समाज पर इसी तरह अत्याचार जारी रहा तो ब्राह्मण महासभा सड़क पर उतर कर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular