– स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस से हरबंशमोहाल पुलिस ने उतारा, दिल्ली में था मुकदमा
कानपुर (हि.स.)। दिल्ली से छह दिन के नवजात बच्चे को चुराकर बिहार ले जा रहे दम्पति को बुधवार कानपुर की हरबंश मोहाल थाना पुलिस ने बरामद कर लिया। दम्पति को दिल्ली पुलिस की सूचना पर कानपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस से पकड़ा गया है। बरामदगी के बाद हरबंश मोहाल पुलिस ने बच्चे व पकड़े गये तीनों अभियुक्तों को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है।
दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाने में मंगलवार को गोविन्द कुमार ने बच्चा चोरी होने की एफआईआर लिखाई गई थी। मुकदमे में मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला गोविन्द हरियाणा के गुड़गांव में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। गोविन्द ने दिल्ली पुलिस को बताया कि पत्नी पूजा ने छह दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। किराए का कमरा छोटा था। वह हरिपाल को पहले से जानता था। एक दिन हरिपाल अपने दोस्त रमन के साथ मेरे घर आया और बोला तुम पत्नी और बच्चे को लेकर मेरे घर दिल्ली चलकर रहो। इस पर गोविन्द परिवार लेकर हरिपाल के दिल्ली के आया नगर स्थित घर आ गया। रात को सोने के बाद जब सुबह उठे तो देखा छह दिन का बच्चा पत्नी के पास नहीं है। घर पर हरिपाल और रमन भी नहीं थे। दोनों को फोन किया तो उनके फोन भी बंद थे।
इस पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस किया तो पता चला कि बच्चे को स्वंतत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस से लेकर बिहार के लिए निकल चुके हैं। सूचना पर हरबंशमोहाल पुलिस ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन से बच्चे समेत दम्पति को उतार लिया। दिल्ली पुलिस भी हरबंश मोहाल पुलिस की सूचना पर कानपुर आ गई।
हरबंश मोहाल पुलिस ने सभी को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। पकड़े गये लोगों में विद्यानंद यादव, रामपरी देवी व मखनी देवी सभी निवासी बिहार शामिल हैं। अब तक की जानकारी के अनुसार विद्यानंद रमन का साढ़ू है। शादी के कई साल बाद भी बच्चा न होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस सभी को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है।
कानपुर : दिल्ली से बच्चा चुराकर बिहार ले जा रहे दम्पति को कानपुर पुलिस ने पकड़ा
RELATED ARTICLES
