Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर: डफरिन में नहीं शुरू हुआ एनआईसीयू, सपा विधायक का मौन धरना

कानपुर: डफरिन में नहीं शुरू हुआ एनआईसीयू, सपा विधायक का मौन धरना

कानपुर (हि.स.)। जिला महिला अस्पताल डफरिन में एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) शुरु ना होने से समाजवादी पार्टी से आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने परिसर के बाहर मौन धरना दिया। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द एनआईसीयू शुरु किया जाये, जिससे कि नवजात को बेहतर इलाज मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।

सपा विधायक ने बताया कि महिला अस्पताल के डफरिन में जन्मे बच्चे की तबियत खराब होती है तो एनआईसीयू के लिए हैलेट रेफर किया जाता है। जिस कारण समय से इलाज न मिलने से बच्चे की जान तक पर बन आती है।

इसको ध्यान में रखते हुए 2018 में एनआईसीयू की मांग को शासन ने साल 2019 में स्वीकृत कर ली। वर्ष 2021 में काम पूरा हो गया और मशीनें भी आ गयी, लेकिन 2022 का सितम्बर माह चल रहा है, लेकिन अभी तक एनआईसीयू को शुरु नहीं किया गया है। एनआईसीयू शुरु करने की बराबर मांग की जा रही है, लेकिन शुरु न होने पर आज मौन धरना दिया गया।

इस दौरान सपा विधायक ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आलोक रंजन को मांग पत्र भी सौंपा। सीएमओ ने कहा कि जल्द प्रयास किया जाएगा कि महिला अस्पताल में एनआईसीयू चालू हो सके। इस धरने में विधायक के अलावा पार्षद अभिषेक गुप्ता, अमित मेहरोत्रा, उमर शरीफ और पूर्व पार्षद हरिओम पाण्डेय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

अजय/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular