Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : जेल से छूटे बदमाश के साथ छात्र ने बुजुर्ग दम्पति...

कानपुर : जेल से छूटे बदमाश के साथ छात्र ने बुजुर्ग दम्पति से की थी लूटपाट, पुलिस ने दबोचा

 दो लाख का लोन चुकाने के लिए साजिश के तहत कमरा लेने के बहाने की थी रैकी
लूटकांड की घटना में फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें लगी

कानपुर (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 17 जून की सुबह सेवानिवृत्त बुजुर्ग बैंक दम्पति को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर पिटाई के बाद लूटपाट की घटना की पुलिस ने खुलासा कर दिया। लुटेरा पढ़ाई के साथ एक मॉल में काम करता था और दो लाख का लोन चुकाने के लिए उसने एक बदमाश के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। किराए का कमरा लेने के बहाने उसने बुजुर्ग दम्पति के घर रेकी के बाद लूटपाट करने पहुंचे थे। घटना में एक आरोपी को पकड़ लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। 

डीसीपी पश्चिम संजीव त्यागी ने रविवार को कल्याणपुर लूटकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लूट की घटना कानपुर देहात जिले के रूरा में स्थित भिखनापुर ग्राम में रहने वाले अविनाश कमल पुत्र सुरेश चन्द्र ने रची थी। बताया कि दरअसल अविनाश कानपुर में अपने चचेरे भाई के साथ पढ़ाई के साथ साउथ एक्स मॉल में काम करता था। कोरोना के चलते बीते साल मॉल बंदी के चलते काम छूट गया। इस दौरान बैंक का दो लाख का कर्ज चुकाने की चिंता बढ़ गई। लोन चुकाने के लिए उसने फरवरी माह में जेल से छूटे प्रदुम्न त्रिपाठी उर्फ दुमदुम के सम्पर्क में आ गया। उसने प्रदुम्न के साथ मिलकर इलाके में चोरी व लूटपाट की योजना बनाई। 
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि योजना के तहत दोनों कैलाश विहार कॉलोनी में किराए का कमरा लेने बहाने घरों की रैकी की। इस दौरान वह सेवानिवृत्त बैंक कर्मी बुजुर्ग राजनारायण शुक्ला व उनकी पत्नी सीमा के घर पहुंचे। बुजुर्ग के घर पर अकेला रहने का पता चला। इस पर उन्होंने वहां लूट की योजना बनाई। दोनों 17 तारीख को कॉलोनी के गेट से अं​दर आए और दीवार फांदकर बुजुर्ग दम्पति के घर की छत पर छुप गए। कुछ देर बाद उन्होंने दोनों को चाय बनाने के दौरान चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया और ​मारपीट कर लूटपाट कर जेवरात, नकदी व लैपटॉप आदि बटोरकर भाग निकले। 
डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटैज के आधार पर लुटेरों का सुराग लगा और फिर पहचान के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश में कल्याणपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला व इंस्पेक्टर वीर सिंह के साथ पुलिस टीम को धर पकड़ में लगाया गया था। पुलिस टीम ने ​​अभियुक्त अविनाश को पकड़ लिया है जबकि प्रदुम्न फरार है उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लूट का लैपटॉप, चेन व नकदी बरामद हो गई है। प्रकरण में अग्रिम कार्रवाही जारी है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular