कानपुर (हि.स.)। जनपद न्यायाधीश से नाराज अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कचहरी परिसर में बार एसोसिएशन के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिवक्ता धरने पर बैठ गए। अपने दुखड़े लेकर पहुंचे वादकारी अधिवक्ताओं के प्रदर्शन की वजह से मायूस हो गए। वहीं अधिवक्ताओं का आरोप है कि जनपद न्यायाधीश का अधिवक्ताओं के प्रति बेहद खराब रवैया है।
कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि जिला जज संदीप जैन को यहां से स्थानान्तरित किया जाए। अधिवक्ताओं ने विरोध स्वरूप एक दिन का हड़ताल किया था। यदि इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो जनपद न्यायाधीश के न्यायालय का बहिष्कार करेंगे।
काम करने वाला जज अधिवक्ताओं को नहीं है पसंद
वकीलों का आरोप है कि जिला जज रात में भी न्यायालय में काम करते रहते हैं। इतना ही नहीं वह बहस करने के लिए देर रात वकीलों को न्यायालय में बुला लेते हैं। जिससे जनपद न्यायालय के कुछ अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। उनमें काफी रोष है।
बार एसोसिएशन के सदस्य अंकज मिश्रा ने बताया कि कानपुर बार एसोसिएशन लगभग 135 वर्ष पुरानी है। आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे बड़ी जिला बार एसोसिएशन के किसी भी कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत जिला जज सहित सभी न्यायाधीशों को सम्मान पूर्वक निमंत्रण दिया जाता है। इसके बावजूद जिला जज स्वयं ही किसी कार्यक्रम में भाग नहीं लेते हैं और न ही अन्य न्यायाधीशों को आने की परमिशन देते हैं। जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
इससे पूर्व वकीलों ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया था। यह भी आरोप लगाया है कि न्यायालय में बहस के दौरान भी जिला जज अभद्र व्यवहार करते हैं। यहां तक कि बार और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी जिला जज का व्यवहार ठीक नहीं है।
राम बहादुर
