अधीनस्थों को आईजीआरएस सहित लम्बित मामलों के निस्तारण कर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की दी नसीहत
कानपुर (हि.स.)। जिलाधिकारी कानपुर नगर विशाख जी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वह सबसे पहले आगन्तुक कक्ष पहुंचे। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराना है। आने वाले फरियादियों के बैठने की बेहतर व्यवस्था हो, इसके लिए पर्याप्त कुर्सियां रखी जाए तथा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी आईजीआरएस कक्ष पहुंचे। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता के एक भी प्रकरण पेंडिंग नहीं रहने चाहिए। प्राथमिकता के आधार पर जिम्मेदार सभी का निस्तारण किया जाए। शासन की लाभकारी योजनाओं का लाभ हर पात्रों को मिले, इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने एडीएम सिटी कार्यालय, एडीएम वित्त राजस्व कोर्ट, असलाहा अनुभाग, नजारत, मनोरंजन, आशाज्योति कैंटीन आदि का निरीक्षण किया।
उन्होंने सभी कलेक्ट्रेट कर्मचारियों से उनके कार्य के विषय में जानकारी की। इसके बाद उन्होंने तहसील सदर स्थित रिकार्ड रूम, उप जिलाधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी अतुल कुमार उपस्थित रहे।
