Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : घूस लेते महिला दरोगा होमगार्ड समेत गिरफ्तार

कानपुर : घूस लेते महिला दरोगा होमगार्ड समेत गिरफ्तार

– जालौन के कारोबारियों को बंधक बनाकर छोड़ने के लिए मांगी थी मोटी रकम

कानपुर(हि.स.)। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस में एडिशनल डीसीपी पूर्वी कार्यालय में तैनात महिला दरोगा को होमगार्ड समेत रिश्वत लेते रंगे हाथ क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि महिला दरोगा ने सेक्स रैकेट संचालक को छोड़ने के लिए घूस मांगी थी, इस सूचना पर यह कार्यवाही की गई है। महिला दरोगा व होमगार्ड को पनकी थाना क्षेत्र से पकड़ते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिले में तैनात एडीसीपी राहुल मिठास के कार्यालय में महिला दरोगा भुवनेश्वरी देवी कार्यरत है। उन्हें पनकी इलाके में एक मकान में सेक्स रैकेट की सूचना मिली। जानकारी पर उन्होंने कार्यक्षेत्र पुलिस को बिना जानकारी दिए होमगार्ड संजीव विश्वकर्मा के साथ छापा मारा। छापेमारी में दो महिला और पुरुषों को पकड़ लिया। उन्हें रात भर बंधक बनाकर रखते हुए छोड़ने के लिए 15 लाख रुपये की डिमांड की। यह मामला पुलिस अफसरों तक पहुंचा और प्लानिंग के तहत शुक्रवार की रात घूस लेने के दौरान महिला दरोगा को होमगार्ड संजीव विश्वकर्मा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

कॉल गर्ल के साथ पकड़े गए व्यापारियों से मांगे थे 15 लाख

एडिशनल पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि एडीसीपी पूर्वी के कार्यालय में महिला दरोगा भुवनेश्वरी देवी तैनात हैं। आरोप है कि भुवनेश्वरी देवी ने एक होमगार्ड के साथ पनकी में चल रहे सेक्स रैकेट में छापा मारा। जालौन निवासी दो व्यापारी और सेक्स रैकेट में शामिल दो महिलाओं को मौके से दबोच लिया। हिरासत में लेने के बाद चारों को बंधक बना लिया और 15 लाख रुपये की मांग की। मामले की जानकारी अफसरों तक पहुंच गई। इसके बाद एडीसीपी राहुल मिठास और एसीपी कोतवाली अशोक सिंह ने सिविल ड्रेस में चेतना चौराहा के एक रेस्टोरेंट में 50 हजाार रुपये घूस लेते हुए भुवनेश्वरी देवी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

अपहरण और रंगदारी की एफआईआर

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला दरोगा के खिलाफ पनकी थाने में रंगदारी, अपहरण समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। यह पहला ऐसा मामला है जब किसी महिला दरोगा को घूस लेने के दौरान एंटी करप्शन की टीम ने नहीं बल्कि उनके ही अफसरों ने छापेमारी करके पकड़ा है और अब गिरफ्तारी करके जेल भेजा जाएगा।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular