कानपुर (हि.स.)। कानपुर आउटर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की पिटाई और पैसा लेकर छोड़ने का मामला प्रकाश में आया था। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आदित्य कुमार शुक्ला के आदेश के बाद बुधवार को वायरल वीडियो की जांच शुरू हो गई है।
एएसपी ने अपने बयान में कहा कि अभी तक जो जानकारी मिली है उसके आधार पर घाटमपुर क्षेत्र स्थित इटर्रा निवासी सुमित को बीते दिनों किसी मामले में गिरफ्तार करके पुलिस थाने लाई थी। आरोप है कि उसकी थाने में जमकर पिटाई की गई और उसे छोड़ने की एवज में 15 हजार रुपये भी लिए। पिटाई से जब उसकी तबीयत बिगड़ गई तो परिजन उसे इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट भेज दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिवार के लोग पुलिस उत्पीड़न से परेशान होकर न्याय पाने के लिए एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
एएसपी ने बताया कि कानपुर आउटर पुलिस ने इस वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गयी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राम बहादुर/दीपक
